भोपाल: मध्य प्रदेश में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान चल रहा है। पांच माह पहले जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे, लेकिन कार्यकारिणी घोषित नहीं होने के कारण वे अकेले ही काम कर रहे थे। बुधवार को दिल्ली में संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संगठन सृजन अभियान की समीक्षा कर अल्टीमेटम दिया था कि 15 दिन के भीतर जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएं।
इसके बाद शुक्रवार को देर शाम प्रदेश कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, मउगंज और सागर शहर की कार्यकारिणी घोषित कर दी। इसके साथ ही 17 जिला संगठन महासचिव और प्रकोष्ठ अध्यक्ष भी नियुक्त कर दिए। जिला कांग्रेस द्वारा कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस को करीब 20 दिन पहले भेज दिया गया था, लेकिन इन्हें घोषित नहीं किया जा रहा था।
पहले एक साथ सभी जिलों की कार्यकारिणी घोषित करने पर विचार किया गया, फिर यह तय हुआ कि जैसे-जैसे सहमति बनती जाएंगी, वैसे-वैसे कार्यकारिणी घोषित कर देंगे। इसके लिए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी की हरी झंडी की प्रतीक्षा हो रही थी। इस बीच केंद्रीय संगठन ने समीक्षा करके कार्यकारिणी के गठन में विलंब पर नाराजगी जताई तो फिर शुक्रवार को कार्यकारिणी घोषित करना प्रारंभ कर दिया। इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि जितने ब्लाक अध्यक्षों की नियुक्तियां बाकी हैं, वे भी धीरे-धीरे करके एक माह के भी कर दी जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिल्ली में संगठन को लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कार्यसमिति सदस्य कमलेश्वर पटेल के साथ बैठक करके संगठन सृजन की गतिविधियां जल्द पूरी करने के निर्देश दिए थे।
17 जिलों में बनाए संगठन महासचिव
पार्टी ने 17 जिलों में संगठन महासचिव नियुक्त किए हैं। इनका काम संगठन की सभी इकाइयों के बीच समन्वय बनाने के साथ राष्ट्रीय और प्रदेश इकाई द्वारा दिए जाने वाले कार्यक्रम की निगरानी और समीक्षा करना होगा।
किसे कहां बनाया महासचिव
| जिला | महासचिव |
|---|---|
| श्योपुर | संजीव कुशवाहा |
| दतिया | नरेंद्र गुर्जर |
| सागर शहर | रामकुमार पचौरी |
| दमोह | नितिन मिश्रा |
| पन्ना | राजबहादुर पटेल |
| टीकमगढ़ | संजय नायक |
| निवाड़ी | संतोष शर्मा |
| छतरपुर | संतोष तिवारी |
| मैहर | अमृत लाल पटेल |
| सिंगरौली ग्रामीण | संकटा सिंह |
| सिंगरौली शहर | सुरेश कुमार दुबे |
| अनूपपुर | मनोज मिश्रा |
| जबलपुर ग्रामीण | राजेश पटेल |
| मंडला | राजेंद्र राजपूत |
| सिवनी | हनीफ खान |
| शाजापुर | भगवतसिंह परमार |
| बुरहानपुर शहर | जसलीन कीर |
| झाबुआ | शंकर सिंह भूरिया |
कई समाजों को पार्टी से जोड़ने को बनाया समाज समन्वय प्रकोष्ठ
प्रदेश कांग्रेस ने विभिन्न प्रकोष्ठों में अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति भी कर दीं। समाज समन्वय प्रकोष्ठ के अंतर्गत अलग-अलग समाजों के लिए समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इनमें बंगाली समाज समन्वयक मिथुन विश्वास, बंजारा समाज मांगीलाल नायक, दैनिक साहू राठौर समाज हितेष साहू और सह समन्वयक दिनेश साहू, सर्व विश्वकर्मा समाज कल्याण रमेश चंद्र विश्वकर्मा और सह समन्वयक ओम पांचाल, स्वर्ण कला राम मनोहर सोनी, कोली कोरी समाज पूनम वर्मा और रजक समाज का समन्वयक संजय मालवीय को नियुक्त किया है।
इसी तरह उपभोक्ता संरक्षण प्रकोष्ठ में हरिशंकर शुक्ला, पूर्व अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ रामनारायण ठाकुर और कार्यकारी अध्यक्ष कुलवंत सिंह, तेंदू पत्ता लघु वनोपज अनूप सिंह परिहार और कार्यकारी अध्यक्ष सूरत प्रसाद तिवारी, खादी ग्रामोद्योग रमेश नायक, सिंधी कल्याण समिति संयोजक दिनेश मेघानी, अध्यक्ष ईश्वरलाल झमनानी और कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कामदार, व्यावसायिक कोचिंग प्रकोष्ठ रविंद्र दांगी, दर्जी सिलाई कला प्रकोष्ठ कपिल सिसोदिया को नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही तकनीकी प्रकोष्ठ संयोजक के रूप में केके सक्सेना, अध्यक्ष अखिल शर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष नासिर अली, भूमि अधिग्रहण प्रकोष्ठ देवेंद्र कुमार पाठक, पालक अभिभावक प्रकोष्ठ अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार बड़गैया और कार्यकारी अध्यक्ष दिलीप तिवारी, अशासकीय विद्यालय संगठन अध्यक्ष एनडी पनेरिया और कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजावत, फुटकर एवं लघु व्यावसायिक समाज प्रकोष्ठ कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र विजयवर्गीय, ड्राइवर एवं मैकेनिक प्रकोष्ठ का कार्यकारी अध्यक्ष मंजूर चौधरी को नियुक्त किया है।




