भोपाल के निशातपुरा स्थित अमन कॉलोनी के ईरानी डेरे पर गुरुवार को पुलिस की कार्रवाई ने अंतरराज्यीय अपराधियों की पूरी फाइल खोल दी। 39 में से 14 बदमाश ऐसे …और पढ़ें

भोपाल के निशातपुरा ईरानी डेरे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई में 39 बदमाश पकड़े गए (AI Generated Image)
HighLights
- 39 आरोपितों में 14 पर कई राज्यों के मामले
- शहादत हुसैन सहित 27 आरोपित जेल भेजे गए
- तरू, सालिक और काला ईरानी अब भी फरार
भोपाल: निशातपुरा पुलिस ने अमन कॉलोनी के ईरानी डेरे पर बड़ी कार्रवाई की। यहां से पकड़े गए 39 आरोपितों में से 14 ऐसे थे, जिन पर कई राज्यों में लूट, जालसाजी और चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपित भोपाल में पनाह लेकर देशभर में वारदात करते और फिर डेरे में छिप जाते थे।
शहादत हुसैन सहित गिरफ्तार
कार्रवाई में एक लाख 30 हजार रुपये के इनामी बदमाश शहादत हुसैन को राजगढ़ पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर ले गई है। उनके खिलाफ कई जिलों में गंभीर अपराध दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और अन्य राज्यों की पुलिस टीमें भी आरोपितों की कस्टडी लेने के लिए भोपाल पहुंच चुकी हैं।
जेल और रिमांड
निशातपुरा पुलिस ने 27 आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि 11 को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। रिमांड में अंतरराज्यीय गैंग नेटवर्क, फर्जी दस्तावेज, चोरी की वाहनों की सप्लाई चेन और सरगनाओं के नाम उजागर हो सकते हैं।
फर्जी दस्तावेज और वारंट
जांच में यह भी सामने आया कि कई आरोपित फर्जी नाम-पते और जमानतदारों के सहारे कानून को चकमा देते रहे। कुछ के खिलाफ स्थायी वारंट लंबित थे, फिर भी वे डेरे में खुलेआम रह रहे थे। पुलिस अब सभी फाइलों को दोबारा खंगाल रही है।
फरार बदमाशों की तलाश
पुलिस की बड़ी कार्रवाई के बावजूद तीन कुख्यात बदमाश तरू, सालिक और काला ईरानी अभी भी फरार हैं। ये तीनों अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और अन्य राज्यों की पुलिस से संपर्क किया गया है।




