MP News: सस्ते दाम पर डॉलर दिलाने का झांसा देकर भोपाल में निजी कंपनी की महिला कर्मचारी से 2.92 लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोपित ने करेंसी एक्सचेंज कारोब …और पढ़ें

सस्ते दाम पर डॉलर का झांसा देकर महिला कर्मचारी से 2.92 लाख रुपये की ठगी (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
- सस्ते दाम पर डॉलर का झांसा देकर महिला कर्मचारी से 2.92 लाख रुपये की ठगी
- नासिक निवासी युवक ने अधिकृत करेंसी एक्सचेंज से जुड़ा बताकर किया था दावा
- एफआईआर के बाद पुलिस जांच कर आरोपित की तलाश में जुटी
भोपाल। सस्ते दाम पर डॉलर दिलाने का झांसा देकर भोपाल में निजी कंपनी की महिला कर्मचारी से 2.92 लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोपित ने करेंसी एक्सचेंज कारोबारी बनकर पहले उसका भरोसा जीता फिर रकम खाते में डलवा ली और मोबाइल बंद कर गायब हो गया। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 25 वर्षीय विनीता प्रजापति मार्केटिंग कंपनी में कार्यरत हैं और गांधीनगर क्षेत्र में रहती हैं। कंपनी के काम से उन्हें डॉलर की जरूरत थी। इसी दौरान उनका संपर्क महाराष्ट्र के नासिक निवासी रविप्रकाश त्रिपाठी से हुआ, जिसने खुद को अधिकृत करेंसी एक्सचेंज से जुड़ा बताया। उसने कम समय और सस्ते दाम में डॉलर उपलब्ध कराने का दावा किया।
पीड़िता ने 2.92 लाख ट्रांसफर किए
डील तय होने के बाद विनीता ने सितंबर से दिसंबर 2025 के बीच तीन अलग-अलग किस्तों में कुल दो लाख 92 हजार 890 रुपये आरोपित के बताए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपित ने पहले प्रोसेसिंग और ट्रांजेक्शन का हवाला देकर समय मांगा, लेकिन एक माह बाद भी न तो डॉलर मिले और न ही कोई वैध दस्तावेज।
पीड़िता ने सख्ती दिखाई तो आरोपित ने फोन उठाना बंद कर दिया। परेशान होकर विनीता ने 1930 पर फोन कर शिकायत की। इसके बाद ई-जीरो एफआइआर साइबर मुख्यालय से गांधीनगर थाने पहुंची। पुलिस बैंक खातों, काल डिटेल और आनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच कर आरोपित की तलाश में जुटी है।




