Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

MP विधानसभा का बजट सत्र आज से, पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण; 18 को प्रस्तुत होगा बजट

 

भोपाल: मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र सोमवार 16 फरवरी से प्रारंभ होगा। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण से इसकी शुरुआत होगी, जिसमें सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ आगामी वर्ष का रोडमैप भी बताया जाएगा।

वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट 18 फरवरी को प्रस्तुत किया जाएगा इसमें कृषि, नगरीय एवं ग्रामीण विकास, नारी सशक्तीकरण के लिए विशेष प्रविधान रहेंगे। इस 12 बैठकों वाले सत्र में इंदौर के दूषित जल कांड, जहरीले कफ सीरप और सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की अशालीन टिप्पणी पर कार्रवाई न होने, कानून-व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों को लेकर हंगामे के आसार हैं।

दस स्थगन, 236 ध्यानाकर्षण की सूचना

बजट सत्र के लिए विधायकों ने 1,750 तारांकित और 1,728 अतारांकित प्रश्न लगाए हैं। 10 स्थगन, 236 ध्यानाकर्षण, 41 अशासकीय संकल्प और 83 शून्यकाल की सूचनाएं विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुई हैं।

उधर, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा सहित सचिवालय के अधिकारियों के साथ विधानसभा की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा-व्यवस्था चाकचौबंद रहे। प्रवेश पत्र के माध्यम से ही प्रवेश हो।

कांग्रेस ने बुलाई विधायक दल की बैठक

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोमवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इसमें सरकार को घेरने के लिए इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों, बेरोजगारी, एससी-एसटी वर्ग पर बढ़ते अत्याचार, ड्रग्स के मामले, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते कर्ज सहित सदन में उठाए जाने वाले अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply