आवारा कुत्तों को भगा रही महिलाओं पर कथित पशुप्रेमी ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में एक महिला के पेट में तलवार घुस गई, वहीं दूसरी महिला का हाथ कट गया …और पढ़ें

भोपाल में कुत्तों को लेकर छिड़ी जंग में चली तलवारें
HighLights
- भोपाल के अयोध्या नगर में आवारा कुत्तों को लेकर विवाद में चली तलवार
- पशुप्रेमी के हमले में एक महिला का पेट फटा, दूसरी का हाथ कटा, हालत गंभीर
- पुलिस ने हमलावर निलंबित सरकारी अधिकारी को किया गिरफ्तार, तलवार बरामद
भोपाल। आवारा कुत्तों को भगा रही महिलाओं पर कथित पशुप्रेमी ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में एक महिला के पेट में तलवार घुस गई, वहीं दूसरी महिला का हाथ कट गया। बताया जा रहा है कि आरोपित एक निलंबित सरकारी अधिकारी है। थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि लक्ष्मी ठाकुर और वंदना सेन शहर के अयोध्या नगर के कांता श्रवण कालोनी में रहती हैं। कई बार कुत्तों ने कालोनी के बच्चों को काटा था।
नगर निगम की कार्रवाई और आरोपी का हस्तक्षेप
परेशान होकर दोनों महिलाओं ने नगर निगम में शिकायत की। शिकायत पर नगर निगम का अमला कुछ कुत्तों को पकड़ कर ले गया। जैसे ही इस बात की जानकारी पिपलानी के शांति नगर निवासी अशोक सिंह चौहान को मिली तो उसने दबाव बनाकर आवारा कुत्तों को वापस कालोनी में छुड़वा दिया। बुधवार रात जब कालोनी में नगर निगम कर्मी दोबारा कुत्तों को छोड़ने आए थे, उसी समय कुछ लोग कुत्तों को खाना खिलाने लगे और दोनों महिलाओं ने विरोध करते हुए कुत्तों को भगाना शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ा और पुलिस ने की एनसीआर की कार्रवाई
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। अयोध्यानगर पुलिस ने दोनों पक्षों पर एनसीआर की कार्रवाई की थी। गुरुवार को अशोक चौहान कुछ लोगों को लेकर फिर कालोनी में आया। इसी बात पर लक्ष्मी व वंदना ने विरोध किया। इसी दौरान अशोक ने तलवार से महिलाओं पर हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल हुईं महिलाएं, आरोपी गिरफ्तार
हमले में लक्ष्मी (गीता) के पेट में तलवार घुस गई। वहीं वंदना का दाहिना हाथ कट गया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।




