Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

अब ट्रेन बदलने का झंझट खत्म, भोपाल से धनबाद और चोपन के लिए सीधी रेल सेवा शुरू

 

भोपाल। तीसरी पिट लाइन तैयार होने के बाद भोपाल के यात्रियों का धनबाद और चोपन के बीच सीधी ट्रेन सेवा का इंतजार अब खत्म हो गया है।

नई ट्रेनों की शुरुआत से भोपाल को झारखंड के धनबाद और उत्तर प्रदेश के चोपन से सीधे जोड़ दिया गया है। अब यात्रियों को इन रूटों पर जाने के लिए बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

24 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस ट्रेन का उद्घाटन किया जाएगा। पहले यात्रियों को जबलपुर, प्रयागराज या अन्य बड़े जंक्शन पर उतरकर दूसरी ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, जिससे सफर लंबा और थकान भरा हो जाता था। नई सेवा से समय की बचत होगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी। इस ट्रेन की बुकिंग आज से शुरू हो जाएगी।

औद्योगिक और कोयला क्षेत्रों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

यह नई रेल सेवा केवल भोपाल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सिंगरौली, शहडोल, कटनी और सागर को भी सीधी कनेक्टिविटी देगी।

धनबाद और बोकारो जैसे औद्योगिक शहरों से जुड़ाव बढ़ने से उद्योग व कोयला क्षेत्र के लोगों को लाभ होगा। व्यापार, रोजगार और शिक्षा हेतु यात्रियों का सफर आसान होगा। ट्रेन में आधुनिक एलएचबी कोच होंगे, पूरी तरह इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी और मेंटेनेंस रानी कमलापति स्टेशन पर होगा।

 

भोपाल-धनबाद त्रि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का शेड्यूल

27 फरवरी से ट्रेन नंबर 11631 भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस शुरू होगी। यह हर सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार दोपहर 2:05 बजे भोपाल से चलकर अगले दिन शाम 8:20 बजे धनबाद पहुंचेगी।

वापसी में 11632 धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस एक मार्च से हर बुधवार, शनिवार और रविवार सुबह 7 बजे चलेगी और अगले दिन 7:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। 1188 किमी दूरी करीब 23 घंटे 35-40 मिनट में तय होगी।

भोपाल-चोपन साप्ताहिक एक्सप्रेस का समय

ट्रेन नंबर 11633 भोपाल-चोपन एक्सप्रेस एक मार्च 2026 से शुरू होगी। यह हर रविवार दोपहर 2:05 बजे भोपाल से चलकर अगले दिन सुबह 10:50 बजे चोपन पहुंचेगी। वापसी में 11634 चोपन-भोपाल एक्सप्रेस दो मार्च से प्रत्येक सोमवार शाम 5:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे भोपाल पहुंचेगी। 731 किमी दूरी लगभग 14 घंटे में तय होगी।

उद्घाटन स्पेशल ट्रेन और नियमित संचालन

बता दें कि नियमित संचालन से पहले उद्घाटन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। भोपाल से उद्घाटन स्पेशल 24 फरवरी को शाम सात बजकर 30 मिनट पर रवाना होगी। वहीं धनबाद से उद्घाटन स्पेशल 25 फरवरी को रात 10 बजकर 35 मिनट पर चलेगी। इसके बाद नियमित सेवाएं निर्धारित तिथियों से शुरू होंगी।

इन ट्रेनों के शुरू होने से अब यात्रियों को भोपाल से धनबाद तक सीधी और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल गई है। बिना ट्रेन बदले सीधे गंतव्य तक पहुंचने से उनका सफर आसान, समय की बचत वाला और अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply