Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में कलेक्टर गाइडलाइन का प्रस्ताव पोर्टल से नदारद, बिना दरें जाने कैसे सुझाव देगी जनता

 

भोपाल। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कलेक्टर गाइडलाइन का प्रस्ताव तैयार हो गया है, जिसको लेकर शनिवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में चर्चा तक हो चुकी है। जिसमें बताया गया था कि गाइडलाइन पर लोग अपने ऑनलाइन आपत्ति-सुझाव संपदा टू सॉफ्टवेयर पर भेज सकते हैं।

इस बैठक को पांच दिन बीत गए हैं, लेकिन पोर्टल पर प्रस्ताव अपलोड नहीं किया गया है। ऐसे में अब प्रॉपर्टी सलाहकार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित अन्य लोगों का कहना है कि वह कैसे अपने सुझाव-आपत्ति गाइडलाइन पर भेजें। जब तक उन्हें यह पता ही नहीं चलेगा कि किस लोकेशन पर कितने दाम बढ़ाए जा रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने के बाद ही वह अपना पक्ष रख सकेंगे।

प्रॉपर्टी के दामों में वृद्धि करने का प्रस्ताव

जानकारी के अनुसार जिले में दो हजार 881 लोकेशन में से 621 लोकेशन पर प्रॉपर्टी के दामों में वृद्धि करने का प्रस्ताव पंजीयन अधिकारियों ने तैयार किया है। इनमें बैरसिया नगर पालिका परिषद की भी लोकेशन शामिल हैं, जबकि भोपाल की 500 से अधिक लोकेशन पर पांच से 33 प्रतिशत तक वृद्धि प्रस्तावित की गई है।

कलेक्ट्रेट में शनिवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक अध्यक्ष व कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में हुई थी, जिसमें पंजीयन अधिकारी स्वप्नेश शर्मा, मुकेश श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए थे। इस बैठक के बाद सोमवार को भी अधिकारियों ने गुपचुप तरीके से प्रस्ताव को लेकर बैठक की थी, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगने दी गई।

सूत्र बताते हैं कि अधिकारियों का तर्क है कि वह प्रस्ताव की एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करेंगे, जिसे देखकर ही लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। ऐसे में अब लोगों के पास एक महीने का ही समय शेष रह गया है और जल्द से जल्द प्रस्ताव नहीं मिला तो वह प्रॉपर्टी के बढ़ाए जा रहे दामों पर अपने सुझाव भी नहीं दे सकेंगे।

इन इलाकों में प्रॉपर्टी के दाम बढ़ाने की तैयारी

प्रस्ताव के अनुसार विदिशा रोड स्थित घाटखेड़ी में आवासीय दर 33 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। नीलबड़ रोड के झागरिया खुर्द में 25 प्रतिशत, एयरपोर्ट रोड स्थित एयरोसिटी राजाभोज परियोजना में 10 प्रतिशत और पलासी में 13 तथा इसके आसपास के क्षेत्र में 16 प्रतिशत तक वृद्धि की तैयारी है।

इसी तरह सीटीओ कॉलोनी, कैलाश नगर, पूजा श्री नगर, लाउखेड़ी, बीडीए, हाउसिंग बोर्ड कोहेफिजा, पंचवटी एलआईजी लांबाखेड़ा, नवीबाग सहित आसपास की कॉलोनियां, पुरुषोत्तम नगर, दामखेड़ा खुर्द की कॉलोनियां, सुरम्य परिसर, नर्मदा एवेन्यू, सागर एवेन्यू, एकतापुरी, कौशल्या कॉलोनी, पंत नगर, राजेंद्र नगर सहित आसपास की कॉलोनियों में पांच से 25 प्रतिशत से अधिक प्रॉपर्टी के दामों में वृद्धि करने का प्रस्ताव तैयार है।

पांच दिन बाद भी पोर्टल पर प्रस्ताव अपलोड नहीं

621 लोकेशन पर प्रॉपर्टी दर बढ़ाने का प्रस्ताव

भोपाल की 500 लोकेशन पर 5 से 33% वृद्धि

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply