मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पदों के लिए ग्रुप-पांच संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 की प्रक्रिया शुरू कर …और पढ़ें

MPESB ग्रुप-5 भर्ती 2026: सरकारी अस्पतालों में 373 पदों पर नियुक्तियां
HighLights
- स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट सहित 373 पैरामेडिकल पदों के लिए भर्ती शुरू
- आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च, 15 अप्रैल से शुरू होगी ऑनलाइन परीक्षा
- 100 अंकों का होगा पेपर, 75 अंक तकनीकी और 25 अंक सामान्य विषय के होंगे
भोपाल। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पदों के लिए ग्रुप-पांच संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत प्रदेश के सरकारी मेडिकल कालेजों, अस्पतालों और विभागीय संस्थानों में कुल 373 पदों पर भर्ती की जाएगी। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 30 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में त्रुटि सुधार की अंतिम तिथि चार अप्रैल तय की गई है। भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा 15 अप्रैल 2026 से आयोजित की जाएगी।
इन पदों पर होगी नियुक्ति: मरीजों को मिलेंगी बेहतर सेवाएं
परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद अंतिम चयन सूची जारी कर संबंधित विभागों में नियुक्ति दी जाएगी। ग्रुप-पांच संयुक्त भर्ती परीक्षा के माध्यम से स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब अटेंडेंट, डेंटल टेक्नीशियन, रेडियोग्राफर, डायलिसिस टेक्नीशियन, निश्चेतना टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन और टेक्निकल असिस्टेंट सहित कई पैरामेडिकल व तकनीकी पदों को भरा जाएगा। सरकार का उद्देश्य इन नियुक्तियों के जरिए सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कालेजों में तकनीकी व सहायक स्टाफ की कमी को दूर करना है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
परीक्षा पैटर्न: तकनीकी और सामान्य विषयों पर आधारित प्रश्न पत्र
भर्ती परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी। प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा, जिसमें 25 अंक सामान्य विषयों के होंगे। इनमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, गणित, सामान्य विज्ञान और सामान्य अभिरुचि से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं 75 अंक संबंधित पद के तकनीकी विषयों पर आधारित होंगे। अलग-अलग शिफ्ट में होने वाली परीक्षा के कठिनाई स्तर को संतुलित करने के लिए परिणाम तैयार करने में स्केलिंग पद्धति से नॉर्मलाइजेशन किया जाएगा।
पात्रता और चयन प्रक्रिया की शर्तें
चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा के बाद दस्तावेज सत्यापन और शैक्षणिक योग्यता की जांच की जाएगी। इसके आधार पर विभागीय नियमों के अनुसार अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। अधिकांश पैरामेडिकल पदों के लिए अभ्यर्थी के पास 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (पीसीबी) विषय होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित क्षेत्र में डिग्री, डिप्लोमा या प्रमाणपत्र भी अनिवार्य होगा। कुछ पदों के लिए संबंधित परिषद में पंजीयन भी आवश्यक है।




