शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकेंगे। …और पढ़ें

साढ़े तीन लाख फेल विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर।
HighLights
- साढ़े तीन लाख फेल विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर
- 1 से 6 जून के बीच होगी 5वीं-8वीं की दोबारा परीक्षा
- राज्य शिक्षा केंद्र ने दिए अतिरिक्त शिक्षण के निर्देश
भोपाल। मप्र बोर्ड 5वीं और 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पुनः परीक्षा 1 जून से आयोजित की जाएगी। शिक्षण सत्र 2025-26 की मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण अथवा अनुपस्थित रहे विद्यार्थी इसमें शामिल हो सकेंगे। यह परीक्षा 1 जून से 6 जून के बीच प्रदेशभर में संपन्न होगी। राज्य शिक्षा केंद्र ने इस संबंध में विस्तृत समय-सारिणी और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
परीक्षा का उद्देश्य और पात्रता
यह पुनः परीक्षा प्रदेश के सभी शासकीय, मान्यता प्राप्त अशासकीय, अनुदान प्राप्त स्कूलों और पंजीकृत मदरसों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को एक और अवसर प्रदान करना है, जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाए या किसी कारणवश परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। इस साल दोनों कक्षाओं में करीब साढ़े तीन लाख बच्चे फेल हुए हैं।
अतिरिक्त शिक्षण और तैयारी के निर्देश
राज्य शिक्षा केंद्र ने यह निर्देश दिए हैं कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त शिक्षण की व्यवस्था की जाए, ताकि वे बेहतर तैयारी कर सकें। स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि वे कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दें और उनकी शंकाओं का समाधान करें।
प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की प्रक्रिया
इसमें शामिल होने वाले विद्यार्थी अपने प्रवेश पत्र राज्य शिक्षा केंद्र के परीक्षा पोर्टल से डाउनलोड कर सकेंगे। इसके लिए शाला प्रमुख, जनशिक्षा केंद्र प्रभारी, बीआरसीसी और डीपीसी के लागिन के माध्यम से प्रवेश पत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि उनके ब्लाक के प्रत्येक विद्यार्थी को 25 मई तक प्रवेश पत्र संबंधित स्कूल के माध्यम से प्राप्त हो जाए।




