भोपाल: मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण ‘डिजिटल सौगात’ पेश की है। स्थानांतरण की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम और पूरी तरह से पेपरलेस बनाने के उद्देश्य से कंपनी ने ‘एम्प्लाई ट्रांसफर माड्यूल’ लॉन्च किया है।
इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब कर्मचारियों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन व प्रशासन) राकेश शर्मा ने स्पष्ट किया है कि अब केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें:
-
अंतिम तिथि: इच्छुक कर्मचारी 19 मई तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
-
पात्रता: केवल वे कर्मचारी आवेदन के पात्र होंगे जिनका वर्तमान पदस्थापना स्थान पर कम से कम 1 वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है। एक वर्ष से कम अवधि वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
-
आवेदन के आधार: कर्मचारी निम्नलिखित आधारों पर तबादले के लिए आवेदन कर सकते हैं:
-
व्यक्तिगत कारण
-
गंभीर बीमारी
-
पति-पत्नी का अन्य शासकीय सेवा में होना
-
आपसी स्थानांतरण (Mutual Transfer)
-
पारदर्शिता पर जोर: कंपनी का मानना है कि इस ऑनलाइन मॉड्यूल से स्थानांतरण प्रक्रिया में मानवीय हस्तक्षेप कम होगा और कर्मचारियों को उनकी पसंद के स्थान (विकल्पों के आधार पर) पर पदस्थापना मिलने में आसानी होगी।




