भोपाल। व्यापम चौराहे पर एक बदमाश ने चाकू की नोंक पर कैंटीन संचालक को लूट लिया। बदमाश ने चाकू अड़ाकर युवक से उसका ब्रेसलेट, पर्स व नकदी लूट ली और मारपीट कर फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने हबीबगंज थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की बजाए संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस की इस बेपरवाही के बाद पीड़ित स्वयं विवेचना में जुट गया और घटना के अगले ही दिन उसने आरोपित को पकड़ लिया। फरियादी की सूचना पर हबीबगंज पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया। साथ ही इसके बाद केस दर्ज किया गया। मंगलवार को कोर्ट में पेश कर आरोपित को जेल भेज दिया गया है। सफाई में अधिकारियों का कहना है कि आरोपित की शिकायत के कुछ ही देर बाद एफआइआर हुई है।
मोबाइल पर बात करने के दौरान वारदात
पुलिस के अनुसार 38 वर्षीय वीर सिंह पवार एमपीनगर जोन-1 में कामधेनू काम्पलेक्स में रहते हैं और एक कैंटीन संचालित करते हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे वह एमपीनगर से न्यूमार्केट जा रहे थे। तभी व्यापम चौराहे के पास पहुंचने पर उनके मोबाइल पर एक दोस्त का काल आया, जिससे बात करने वह सड़क किनारे रुक गए।
इसी दौरान एक बदमाश आया और चाकू अड़ाकर उसने हाथ से ब्रेसलेट, जेब से पर्स और नकदी लूट ली। वीर सिंह ने आरोपित का विरोध करने की हिम्मत जुटाई तो आरोपित भड़क गया और मारपीट करने लगा व भाग निकला।
पीड़ित ने पीछा कर आरोपित को पकड़वाया
घटना के बाद आरोपित ने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन पुलिस ने केस दर्ज करने से पहले जांच शुरू की। अगले दिन पीड़ित घटना को लेकर खुद ही आरोपित को ढूंढ़ने निकल पड़ा। वह घटनास्थल पर पहुंचा तो इत्तेफाक से आरोपित वहां घूमता हुआ मिला। वीर सिंह ने आरोपित का पीछा किया और वहां से छह नंबर तक पहुंचा।
उसने पुलिस को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा और फिर सोमवार शाम को केस दर्ज कर गिरफ्तारी की। हालांकि हबीबगंज थाने में पदस्थ निरीक्षक नीतू कुंसारिया ने बताया कि आरोपित ने अगले दिन शिकायत की, जिसके बाद शुरूआती जांच के बाद एफआईआर की गई है।
आरोपित के कोलार समेत कई थानों में वारंट पेंडिंग
आरोपित जितेंद्र अहिरवार (34), प्रेमपुरा, भदभदा रोड भोपाल का रहने वाला था। उसके खिलाफ कोलार समेत अलग-अलग थानों में कई केस दर्ज हैं। जिसमें आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। आरोपित के खिलाफ कई प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन हैं, जिससे उसके खिलाफ कई वारंट भी पेंडिंग हैं। पुलिस ने मंगलवार को आरोपित को जेल भेज दिया है।




