अयोध्या नगर थाना पुलिस ने फुफेरी बहन के दोस्त का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और अड़ीबाजी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। …और पढ़ें

परीक्षा देने आए छात्र को अगवा कर बेल्ट से पीटा। (AI से जेनरेट किया गया इमेज)
HighLights
- परीक्षा देने भोपाल आया था छात्र
- लात-घूंसों से की जमकर पिटाई
- बंधक बनाकर ले गए थे रायसेन
भोपाल। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने फुफेरी बहन के दोस्त का अपहरण कर उसके साथ मारपीट और अड़ीबाजी करने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपी रायसेन जिले के रहने वाले हैं और पिछले दिनों मंडीदीप से भोपाल आकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मारपीट और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
परीक्षा देने भोपाल आया था छात्र
थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि इटारसी निवासी 17 वर्षीय अंशुल मालवीय सीयूईटी (CUET) परीक्षा देने भोपाल आया था। वह यहां अपने रिश्तेदारों के घर ठहरा हुआ था। 23 मई की रात रायसेन जिले के रहने वाले अनिल मालवीय और राज उर्फ राजीव कोल ने उसे मिलने के लिए बुलाया। दोनों युवक अंशुल से पुरानी रंजिश रखते थे। बताया जा रहा है कि फुफेरी बहन से उसकी दोस्ती और बातचीत को लेकर वे नाराज थे।
सुनसान जगह ले जाकर मांगा अड़ा
आरोपियों ने युवक को बहाने से मोटरसाइकिल पर बैठाया और अयोध्या नगर क्षेत्र स्थित उड़ान एकेडमी के पास सुनसान स्थान पर ले गए। वहां उन्होंने उससे शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने बेल्ट, लात और घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। हमले में युवक के सिर, चेहरे, पीठ और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं।
बंधक बनाकर ले गए रायसेन
इसके बाद आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर रायसेन जिले के दाहोद गांव ले गए और जान से मारने की धमकी दी। युवक किसी तरह उनके कब्जे से बचकर भोपाल पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और दबिश देकर दोनों आरोपियों को मंडीदीप क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया है।




