लोक निर्माण विभाग के प्रभारी प्रमुख अभियंता केपीएस राणा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विभागीय मंत्री राकेश सिंह की नाराजगी के बाद बुधवार देर रात हटा …और पढ़ें

एमपी PWD में बड़ी कार्रवाई
भोपाल। लोक निर्माण विभाग के प्रभारी प्रमुख अभियंता केपीएस राणा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विभागीय मंत्री राकेश सिंह की नाराजगी के बाद बुधवार देर रात हटा दिया गया। उनके स्थान पर अब जबलपुर में पदस्थ प्रभारी मुख्य अभियंता आरएल वर्मा नए प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाए गए हैं। प्रदेश में तबादले की प्रक्रिया प्रारंभ होने के बाद विभाग प्रमुख स्तर के किसी अधिकारी पर की गई यह पहली कार्रवाई है।
सूत्रों के अनुसार, पिछले दो-तीन माह से विभाग में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। मंत्री राकेश सिंह जिस गति और गुणवत्ता के साथ काम चाहते हैं, वह नहीं हो पा रहा था। कई बार प्रशासनिक नियंत्रण में कमी की बात भी सामने आई।
गारंटी पीरियड की सड़कों और सिंहस्थ के कार्यों को लेकर उपजा विवाद
गारंटी पीरियड की सड़क को अवधि समाप्त होने से पहले ही बनाने के प्रस्ताव आ गए, जो आगे भी बढ़ गए। विभाग ने मामले की गंभीरता को समझा और संबंधित इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
वहीं, सिंहस्थ को लेकर मंत्रिमंडल समिति की मंगलवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने भी काम की गति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ के बाद यहां भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या आएगी, उसके हिसाब से आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। इसके बाद बुधवार देर रात केपीएस राणा को हटाकर आरएल वर्मा को प्रभारी प्रमुख अभियंता बनाने के आदेश जारी किए गए।




