भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने सेवा प्रबंधन प्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी, त्वरित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार प्रदेश की सभी पुलिस इकाइयों में 1 जुलाई 2026 से eHRMS (इलेक्ट्रॉनिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) का ई-लीव मॉड्यूल लागू कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अब ऑनलाइन अवकाश आवेदन, स्वीकृति और आवेदन की अद्यतन स्थिति एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर देख सकेंगे। इससे अवकाश स्वीकृति प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी।
जुलाई 2025 से शुरू हुआ था डिजिटलीकरण
मध्यप्रदेश पुलिस ने पारंपरिक मैनुअल सेवा अभिलेख व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल बनाने के उद्देश्य से जुलाई 2025 में eHRMS ऑनबोर्डिंग अभियान शुरू किया था। इसके तहत सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग और अनिवार्य सेवा संबंधी विवरणों का डिजिटलीकरण किया गया।
मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के माध्यम से एक लाख से अधिक सेवा पुस्तिकाओं की स्कैनिंग की गई। वर्तमान में लगभग एक लाख पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी eHRMS प्लेटफॉर्म पर ऑनबोर्ड किए जा चुके हैं।
ऑर्डर बुक मॉड्यूल भी पहले से लागू
पुलिस विभाग के सभी महत्वपूर्ण सेवा संबंधी आदेशों को सुरक्षित और डिजिटल रूप से उपलब्ध कराने के लिए 23 मार्च 2026 से eHRMS का ऑर्डर बुक मॉड्यूल भी लागू किया जा चुका है। इसके माध्यम से सेवा पुस्तिका से जुड़े सभी महत्वपूर्ण आदेश अब पोर्टल पर डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे।
पहले पांच इकाइयों में हुआ था ट्रायल
ई-लीव मॉड्यूल को विभागीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए इसे प्रारंभिक रूप से एससीआरबी, कार्मिक शाखा, विशेष शाखा, पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल और 25वीं वाहिनी भोपाल में प्रायोगिक तौर पर लागू किया गया था। इन इकाइयों से मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए गए। इसके बाद इसे प्रदेश की लगभग 120 पुलिस इकाइयों में लागू कर दिया गया।
ऐसे होगी ऑनलाइन अवकाश स्वीकृति
अब सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी eHRMS पोर्टल (ehrms.mp.gov.in) या eHRMS मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन कर सकेंगे। यह एप Google Play Store और Apple App Store दोनों पर उपलब्ध है।
पोर्टल पर प्रत्येक कैडर के अनुसार अवकाश के प्रकार, पात्रता और उपलब्ध अवकाश का विवरण पहले से दर्ज रहेगा। कर्मचारी के आवेदन के बाद संबंधित लीव क्लर्क उसे सक्षम स्वीकृतकर्ता अधिकारी को ऑनलाइन अग्रेषित करेगा। अधिकारी डिजिटल माध्यम से अनुशंसा एवं स्वीकृति देंगे, जबकि कर्मचारी अपनी लॉगिन आईडी से आवेदन की अद्यतन स्थिति देख सकेंगे।
एक लाख से अधिक पुलिसकर्मी जुड़े
उल्लेखनीय है कि eHRMS का ई-लीव मॉड्यूल वर्तमान में मध्यप्रदेश शासन के केवल कुछ विभागों में संचालित है। इनमें मध्यप्रदेश पुलिस सबसे अधिक उपयोगकर्ता संख्या वाला विभाग है। वर्तमान में इस प्रणाली से 1,01,928 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी जुड़े हुए हैं।




