भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र में होमगार्ड जवान को जमीन पर गिराकर 10 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूटने के आरोप में पांच नाबालिगों को गिरफ्तार किया गय…और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो।
HighLights
- होमगार्ड जवान को जमीन पर गिराकर 10 हजार रुपये, मोबाइल और अन्य सामान लूटा
- मुखबिर की सूचना पर ई-रिक्शा में घूम रहे आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया
- पुलिस ने नकदी, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया
भोपाल। राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र में रास्ता पूछने के बहाने एक होमगार्ड जवान से लूट करने का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात को अंजाम देने वाले पांच विधि-विरोधी बालकों (नाबालिगों) को 48 घंटे के भीतर धर दबोचा है।
आरोपियों के पास से लूटे गए 10 हजार रुपये, नोकिया कंपनी का एक कीपैड मोबाइल और वारदात के समय इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा जब्त कर लिया गया है।
काटजू अस्पताल का रास्ता पूछते ही पैर पकड़कर गिराया
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, होमगार्ड जवान रफीक मोहम्मद ने 8 जुलाई की शाम करीब 7 बजे इस मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह होटल पलाश के पास स्थित शनि मंदिर के सामने बैठे हुए थे। इसी दौरान पांच लड़के उनके पास आए और काटजू अस्पताल जाने का रास्ता पूछने लगे।
रफीक जब उन्हें रास्ता बता रहे थे, तभी अचानक आरोपियों ने उनके दोनों पैर पकड़ लिए और उन्हें जबरन जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद आरोपी जवान की पैंट की जेब में रखी पतरी (बटुआ/वॉलेट) छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक, उस पतरी में 10 हजार रुपये नकद, एटीएम कार्ड और एक कीपैड मोबाइल रखा हुआ था।
ई-रिक्शा से घूम रहे थे आरोपी, घेराबंदी कर पकड़ा
जवान की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने तत्काल लूट का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से एक महत्वपूर्ण सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने ई-रिक्शा क्रमांक एमपी 04 जेडएफ 7176 में घूम रहे पांच संदिग्ध बालकों को घेराबंदी करके दबोच लिया।




