मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मध्य प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि अंतरित की।

मध्य प्रदेश में खरीफ 2025 फसल बीमा दावा राशि जारी।
HighLights
- मध्य प्रदेश में खरीफ 2025 फसल बीमा दावा राशि जारी
- मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री का बड़ा फैसला
- 10 लाख से अधिक किसानों के खातों में पहुंची बीमा राशि
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को मध्य प्रदेश के 10 लाख 54 हजार किसानों के खातों में सिंगल क्लिक से 1460 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि अंतरित की। यह प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 के फसल बीमा की दावा राशि है। मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में मंत्री परिषद की बैठक के तुरंत बाद किसानों को यह राशि जारी की।
किसानों के हित में सरकार की संवेदनशीलता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी किसानों के हितों की रक्षा के लिए विशेष रूप से संवेदनशील हैं। प्राकृतिक आपदाओं के कारण फसल हानि होने पर कृषकों को सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में कृषकों के साथ है।
अल-नीनो प्रभाव और फसल बीमा की अपील
इस बार अल-नीनो प्रभाव के कारण अच्छे मानसून का अनुमान नहीं है। ऐसी स्थिति में किसान अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा, निर्धारित तिथि से पहले करवा लें। इससे उपज में हानि होने की स्थिति में किसानों को वित्तीय सहायता प्राप्त हो सकेगी।
योजना के तहत अब तक का भुगतान
किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना ने बताया कि प्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत वर्ष 2016-17 से वर्ष 2024-25 तक 30 हजार 942 करोड़ 34 लाख रुपये का भुगतान प्रभावित किसानों को किया गया है।




