एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia) भोपाल डेस्क टीम
मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ की भर्ती प्रक्रिया पर उठे गंभीर सवाल: आरक्षण नियमों की अनदेखी, इंटरव्यू के लिए बुलाकर लौटाए गए अभ्यर्थी और चयन समिति पर सवाल
भोपाल: मध्य प्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ में चल रही विभिन्न पदों की भर्ती प्रक्रिया गंभीर प्रशासनिक विसंगतियों और धांधली के आरोपों के घेरे में आ गई है। स्थिति यह है कि पहले तो विज्ञापनों में आरक्षण नियमों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया, और अब दूर-दूर से इंटरव्यू देने पहुंचे अभ्यर्थियों को बिना साक्षात्कार के ही वापस लौटा दिया गया, जिससे युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मुख्य बिंदु (Highlights)
-
आरक्षण नियमों की अनदेखी: लघु वनोपज संघ द्वारा वैज्ञानिक रसायन, लैब सहायक (रसायन, माइक्रोबायोलॉजी और बॉटनी), मार्केटिंग असिस्टेंट और मार्केटिंग कोऑर्डिनेटर जैसे पदों के लिए आवेदन बुलाए गए थे। आरोप है कि इन सभी पदों की भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण के प्रावधानों का सरासर उल्लंघन किया गया है, जबकि सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) के स्पष्ट निर्देश हैं कि संविदा पदों पर भी आरक्षण प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य है।
-
इंटरव्यू के लिए बुलाकर किया मना: विभिन्न पदों (जैसे वैज्ञानिक रसायन के 2 पदों आदि) के लिए मध्य प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी आवेदक इंटरव्यू देने पहुंचे थे, लेकिन चयन प्रक्रिया के दौरान उन्हें बिना इंटरव्यू दिए ही वापस लौटा दिया गया। हैरानी की बात यह है कि अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की कोई अगली तारीख या स्पष्ट सूचना भी नहीं दी गई है।
-
अयोग्यता और समिति के गठन पर सवाल: इस भर्ती प्रक्रिया के लिए बनाई गई चयन समितियों की योग्यता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रसायन विषय के वैज्ञानिक व लैब सहायक पद के लिए बनी चयन समिति में एक ऐसे आयुर्वेद चिकित्सक को शामिल कर दिया गया है, जिनका रसायन शास्त्र विषय से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं है। ऐसा ही हाल माइक्रोबायोलॉजी और बॉटनी से जुड़े पदों की समितियों का भी है।
प्रबंध संचालक का पक्ष
इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मप्र राज्य लघु वनोपज संघ की प्रबंध संचालक (MD) कमलिका मोहंता ने कहा कि संघ में अलग-अलग पदों पर भर्ती प्रक्रिया का एक दौर पूरा हो चुका है। रसायन शास्त्र के पदों के लिए बनी चयन समिति ने दो पदों के संबंध में प्रक्रिया को फिलहाल निरस्त किया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी विसंगतियों को दूर कर पारदर्शी तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।




