Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में चला प्रशासन का बुलडोजर, 70 साल पुरानी आदिवासी बस्ती जमींदोज, 400 पुलिसकर्मियों के पहरे में टूटीं 27 झुग्गियां

 

भोपाल। श्यामला हिल्स क्षेत्र में पालीटेक्निक चौराहे के पास मानस भवन के पीछे स्थित 70 साल पुरानी आदिवासी बस्ती को जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ध्वस्त कर दिया। अल सुबह छह बजे से शुरू हुई कार्रवाई के लिए सुबह चार बजे से ही पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरे में ले लिया था। पूरे क्षेत्र में करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और भारी बैरिकेट्स लगाकर किलेबंदी की गई थी।

सभी 27 झुग्गियों को तोड़ा

शनिवार सुबह बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई, ताकि अभियान में कोई बाधा न आए। रात करीब साढ़े 10 बजे तक चली कार्रवाई में प्रशासन ने सभी 27 झुग्गियों को तोड़ दिया। हालांकि, बिना सूचना रास्ता करने की वजह से सीएम हाउस और बोट क्लब की ओर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

 

करीब 50 ट्रक सामान झुग्गियों से निकाला

उच्च न्यायालय से झुग्गियों को तोड़ने के लिए लगी रोक के हटते ही प्रशासन ने इन्हें तोड़ने की योजना गोपनीय तरीके से बना ली थी। हालांकि, रहवासियों को कार्रवाई की सूचना मिल गई थी, जिससे रहवासी शुक्रवार देर रात ही अपनी-अपनी झुग्गियों में ताला डालकर गायब हो गए थे और घरों के अंदर कुत्तों को भर गए थे। ऐसे में जब प्रशासन की टीम कार्रवाई करने पहुंची तो अमले झुग्गियों में ताला लगा होने पर कार्रवाई शुरू होने में देरी हुई और दोपहर बाद तक घरों को खाली कराने का काम ही चलता रहा।

जानकारी के अनुसार, करीब 50 ट्रक सामान झुग्गियों से निकालकर मालीखेड़ी भेजा गया। इनमें 10 ट्रक में दरवाजा, खिड़की, शेड और पानी के ड्रम शामिल थे। वहीं, घरों के ताले तोड़ते ही उनमें से श्वान निकले तो नगर निगम के डाग स्क्वाड को बुलाकर उन्हें पकड़वाया गया।

झुग्गीवासियों ने किया हंगामा, पुलिस ने खदेड़ा

मानस भवन के पास स्थित झुग्गियों के हटाने की कार्रवाई के दौरान रहवासी पॉलीटेक्निक कालेज के सामने धरने पर बैठे हुए थे। यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, वह लगातार झुग्गियों में जाने की मांग कर रहे थे। इसी बीच दोपहर ढाई बजे महिलाओं ने जमकर हंगामा कर दिया, उनके साथ नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी व पति आसिफ जकी भी शामिल थे।

हंगामा बढ़ते देख मौके पर मौजूद महिला पुलिस की मदद से हंगामा कर रहीं महिलाओं को खदेड़ना शुरू कर दिया था। इसके बाद सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इससे पहले प्रशासन द्वारा झुग्गियों को खाली कराने की सूचना मिलते ही रहवासियों ने शुक्रवार को रात में भी प्रदर्शन किया। इस दौरान एक व्यक्ति पास ही में बने टावर पर भी चढ़ गया था, जिसे बाद में समझाइश देकर उतारा गया।

कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व विधायक पीसी शर्मा सहित कई कांग्रेस नेता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। उन्होंने कार्रवाई को रोकने की मांग करते हुए धरना दिया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मौके पर मौजूद एसडीएम से कहा कि भाजपा की सरकार जाने के बाद यदि हम इसी तरह आपके घरों को तोड़ दें तो आपको कैसा लगेगा।

प्रशासन द्वारा की जा रही यह कार्रवाई अन्यायपूर्ण है। पूरे प्रदेश में जहां भी गरीबों को हटाना होता है, वहां सरकार की कोई संवेदनशीलता नहीं दिखती है। कार्रवाई के दौरान कई छात्राओं ने अपने दस्तावेज कार्रवाई के दौरान तोड़-फोड़ में दबने और गुमने की बात कही तो किसी रहवासी ने अपने सोने-चांदी के जेवर गायब होने के आरोप भी लगाए।

परिवारों को मालीखेड़ी में किया विस्थापित

प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई के तहत कुल 27 परिवारों को हटाया गया है, जिन्हें मालीखेड़ी क्षेत्रों में विस्थापित किया गया है। मालीखेड़ी परियोजना में निर्मित सर्वसुविधायुक्त एक बीएचके आवासों में विस्थापित किया गया है, जिनकी वर्तमान कीमत करीब 12 लाख रुपये है। इन आवासों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी हैं।

फैक्ट फाइल

  • 13,000 वर्ग फीट जगह में फैली थी आदिवासी बस्ती
  • 70 साल से रह रहे थे 27 परिवार
  • विस्थापित परिवारों को मालीखेड़ी में दिए पीएम आवास
  • नगर निगम और जिला प्रशासन के 150 से अधिक अधिकारी -कर्मचारियों ने दिया कार्रवाई को अंजाम ।
  • पुलिस अधिकारियों सहित 400 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया ।
  • तीन बुलडोजर से तोड़ी झुग्गियां, 10 ट्रकों से सामान किया शिफ्ट ।

मानस भवन के पीछे बनी झुग्गियों के रहवासियों को मालीखेड़ी में विस्थापित किया गया है। एचएफए के तहत बनाए गए आवासों में विस्थापित कर दिया गया है, जिसकी राशि मानस भवन ने जमा करा दी है।- तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply