Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में ट्रॉली के नीचे घुसी कार, तेज टक्कर से पहिये बाहर निकले, चचेरे भाईयों समेत तीन की मौत

 

बैरसिया रोड पर निपानिया जाट गांव के पास कार और ट्रैक्टर-ट्राली के बीच भीषण सड़क हादसे में चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक यु …और पढ़ें

 

भोपाल में ट्रॉली के नीचे घुसी कार, तेज टक्कर से पहिये बाहर निकले, चचेरे भाईयों समेत तीन की मौत

भोपाल में ट्रॉली के नीचे घुसी कार

 

भोपाल। बैरसिया रोड पर निपानिया जाट गांव के पास कार और ट्रैक्टर-ट्राली के बीच भीषण सड़क हादसे में चचेरे भाइयों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रैक्टर की ट्राली में भिड़ गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार ट्राली के पहिये निकालते हुए आगे बढ़ी और ट्राली के नीचे आ गई, जिससे गेहूं से भरी ट्राली कार पर गिर गई और उसके पिचक जाने से कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि उनका चौथा साथी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच लड़ाई लड़ रहा है। मृतकों के शव कार की बॉडी को काटकर निकाले गए।

चाय पीकर घर लौट रहे थे युवक, अंधाधुंध रफ्तार बनी काल

कार सवार मंगलवार देर रात ईंटखेड़ी की ओर से गुनगा तरफ अपने घर जा रहे थे, जबकि गेहूं से लदी ट्राली भोपाल की ओर आ रही थी। निपानिया जाट गांव के पास मोड़ पर यह हादसा हुआ है। ईंटखेड़ी थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने बताया कि 23 वर्षीय हर्ष मेहर गुनगा क्षेत्र स्थित ग्राम काछी बरखेड़ा का रहने वाला था और बी.कॉम अंतिम वर्ष का छात्र था। वह मंगलवार रात अपनी कार से चचेरे भाई सतीश मेहर और सागौनी निवासी दोस्त लक्की अहिरवार व योगेश उर्फ गब्बर के साथ ईंटखेड़ी में चाय पीने के लिए गया था। रात करीब 10:30 बजे वे घर लौट रहे थे, तभी मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए।

 

ट्रैक्टर चालक ने मोड़ा वाहन लेकिन ट्राली से जा भिड़ी कार

ट्रैक्टर चालक ने कार को देखते ही तुरंत वाहन मोड़ लिया, जिससे आगे ट्रैक्टर तो मुड़ गया, लेकिन ट्राली सामने ही रही और कार उसमें जा घुसी। कार की रफ्तार का अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि कार ट्राली के टायर निकालते हुए ट्राली के नीचे घुस गई। टायर निकलने से गेहूं से भरी ट्राली कार पर गिर पड़ी और कार पूरी तरह दब गई। कार में ड्राइवर सीट पर बैठे हर्ष, बाजू में बैठे सतीश और पीछे की दाईं सीट पर बैठे लक्की की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पिछली दाईं सीट पर बैठा गब्बर गंभीर रूप से घायल हो गया।

सरपंच का इकलौता बेटा था कार चालक

राहगीरों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कटर के माध्यम से कार की बॉडी काटकर तीनों युवकों के शव बाहर निकाले। साथ ही घायल युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया, जिसकी हालत फिलहाल नाजुक है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। मृतक कार चालक हर्ष मेहर की मां रेखा मेहर सरपंच हैं और उसके पिता गुलाब मेहर गांव के सचिव हैं। वह परिवार का इकलौता बेटा था। वहीं सतीश मेहर पिता के साथ खेती करता था। घटना के बाद से दोनों गांव में मातम पसरा है और बुधवार को मृतकों का पीएम करवा लिया गया है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply