बड़े तालाब के बोट क्लब पर चल रहीं नावों को लेकर पर्यटकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना के चार दिन बाद भी …और पढ़ें
भोपाल। बड़े तालाब के बोट क्लब पर चल रहीं नावों को लेकर पर्यटकों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। बरगी डैम में क्रूज डूबने की घटना के चार दिन बाद भी यहां हालात नहीं बदले हैं। बड़े तालाब पर वर्तमान समय में 50 से अधिक निजी नाविकों द्वारा नावें चलाई जा रही हैं, लेकिन नगर निगम के पास इनकी कोई जानकारी ही नहीं है और ना ही निजी नाविकों ने बीते कई सालों से नाव चलाने के लाइसेंस रिन्यू कराए हैं। वहीं, बोट क्लब पर बिना लाइफ जैकेट और पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के बिना नावों का संचालन जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
बिना लाइसेंस और बिना रिकॉर्ड के संचालित हो रहीं निजी नावें
बड़े तालाब के बोट क्लब और शीतलदास की बगिया पर संचालित कई निजी नावें नियमों को दरकिनार कर बेखौफ चलाई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि बीते कई सालों से किसी भी निजी नाविक ने अपना लाइसेंस रिन्यू कराया है। वहीं नगर निगम के पास भी ऐसा कोई अद्यतन रिकार्ड नहीं है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि पर्यटन विकास निगम के अलावा कितनी निजी नावें बड़े तालाब में संचालित हो रही हैं। यह स्थिति निगरानी तंत्र की कमजोरियों को उजागर करती है। हालांकि, जानकारी के अनुसार, बड़े तालाब पर 50 से अधिक निजी नावें वर्तमान समय में संचालित हो रही हैं।
नावों के संचालन पर लगाई अस्थायी रोक
बरगी हादसे के बाद नगर निगम ने एहतियातन बड़े तालाब में चल रही निजी नावों के संचालन पर अस्थायी रोक जरूर लगाई थी, जिसके बाद नाव के मालिकों ने नावों को बड़े तालाब में साइड में खड़ा कर दिया है, लेकिन निगम प्रशासन ने न तो किसी संचालक के खिलाफ ठोस कार्रवाई की और ना ही सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया। नावों के न चलने से बड़ा तालाब खाली नजर आया और बोट क्लब में बोटिंग करने के लिए आने वाले कई लोग मायूस होकर लौट गए।
जर्जर हो चुके सुरक्षा उपकरण बढ़ा रहे हैं खतरा
निजी नावों के सुरक्षा उपकरणों की स्थिति और भी चिंताजनक है। कई नावों में लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं हैं, और जहां हैं भी तो वे सालों पुराने हो चुके हैं और खराब और जर्जर हालत में हैं। कई जैकेट के बेल्ट टूट चुके हैं, जिससे आपात स्थिति में उनका उपयोग करना भी हादसे को आमंत्रण देता है। इसके बावजूद पर्यटकों को बिना सुरक्षा के नाव में बैठाया जा रहा है। ऐसे में पर्यटकों की जान जोखिम में डालकर नाव संचालन किया जा रहा है।
बड़े तालाब में नाव चलाने के लिए किसी ने भी लाइसेंस नहीं दिया है। इसलिए तालाब में नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। यदि जल्द ही लाइसेंस रिन्यू नहीं कराए जाते हैं, तो नावों की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। – प्रमोद मालवीय, प्रभारी, झील संरक्षण प्रकोष्ठ




