Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल के चौक बाजार में डिजाइनर स्टूडियो में आग, महंगे लहंगे-साड़ियां जलकर खाक… फायर हाइड्रेंट बंद होने पर उठे सवाल

 

भोपाल के इब्राहिमपुरा चौक बाजार स्थित नेमा डिजाइनर स्टूडियो में शुक्रवार दोपहर आग लग गई।

भोपाल के चौक बाजार में डिजाइनर स्टूडियो में आग, महंगे लहंगे-साड़ियां जलकर खाक... फायर हाइड्रेंट बंद होने पर उठे सवाल

भोपाल चौक बाजार में शॉर्ट सर्किट से आग (AI Generated Image)

HighLights

  1. डिजाइनर स्टूडियो में लगी आग
  2. महंगी साड़ियां-लहंगे जलकर खाक
  3. बैरिकेड्स से दमकल देर से पहुंची

भोपाल। भोपाल के व्यस्ततम इब्राहिमपुरा चौक बाजार स्थित नेमा डिजाइनर स्टूडियो में शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे अचानक आग लग गई। महेंद्र नेमा की इस दुकान में रखी महंगी साड़ियां, डिजाइनर लहंगे और अन्य कपड़े देखते ही देखते आग की चपेट में आ गए। दुकान से धुआं उठता देख कर्मचारियों और आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

बैरिकेड्स और ट्रैफिक जाम से दमकल को हुई परेशानी

सूचना मिलते ही फतेहगढ़ से दमकल रवाना हुई, लेकिन रास्ते में जगह-जगह लगे बैरिकेड्स के कारण उसे जीपीओ होकर करीब दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा। शुक्रवार को जामा मस्जिद में नमाज का समय होने से सड़कों पर भारी ट्रैफिक भी था। संकरे रास्तों और दुकानों के बाहर निकले बोर्ड व लोहे के एंगल से टकराकर दमकल वाहन का शीशा भी टूट गया। हालांकि चालक सुरक्षित रहा।

 

स्थानीय व्यापारियों ने भी संभाला मोर्चा

दमकल के पहुंचने से पहले स्थानीय व्यापारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। नगर निगम के फायर अधिकारी सौरभ पटेल के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा कपड़ा पूरी तरह नष्ट हो गया।

22 लाख का फायर हाइड्रेंट सिस्टम बेकार

चौक बाजार में आगजनी जैसी घटनाओं से निपटने के लिए नगर निगम ने 22 लाख रुपये की लागत से फायर हाइड्रेंट सिस्टम लगाया था, लेकिन उसकी टेस्टिंग तक नहीं हो सकी। नतीजतन यह सिस्टम उपयोग में नहीं आ पाया। यदि यह चालू होता तो आग पर जल्दी काबू पाने और नुकसान कम करने में मदद मिल सकती थी।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply