Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में क्रिकेट मैच का विवाद खूनी संघर्ष में बदला, बीच बचाव करने आई महिला पर भी किए वार

 

भोपाल। आरिफ नगर स्टेडियम में मंगलवार शाम क्रिकेट मैच के दौरान हुआ मामूली विवाद एक खूनी संघर्ष में बदल गया। खेल के समय चौका मारने की बात को लेकर दो खिलाड़ियों के बीच कहासुनी हो गई।

यह विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने अपने ही साथी और बीच-बचाव करने आई उसकी मां पर लोहे की राड से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में मां-बेटे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरिफ नगर का रहने वाला 24 वर्षीय राजा खान मंगलवार शाम को स्थानीय स्टेडियम में क्रिकेट खेल रहा था।

इसी दौरान मैच में चौका मारने को लेकर उसका साथी खिलाड़ी शाहनवाज से विवाद हो गया। उस वक्त तो अन्य लोगों के हस्तक्षेप के बाद सभी अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन शाहनवाज के मन में गुस्सा बरकरार था।

कुछ ही देर बाद आरोपित शाहनवाज लोहे की राड लेकर राजा खान के घर धमक गया और गाली-गलौज करने लगा। जब राजा ने इसका विरोध किया, तो शाहनवाज ने उसके सिर और हाथ पर रॉड से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

बेटे की चीख-पुकार सुनकर जब उसकी मां बीच-बचाव करने दौड़ी, तो आरोपित ने उन पर भी बेरहमी से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

आस-पड़ोस के लोगों ने लहूलुहान हालत में दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

गौतम नगर थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर आरोपित शाहनवाज के खिलाफ जानलेवा हमले की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply