मध्य प्रदेश में अपर मुख्य सचिव ने कंपनियों को निर्देश देते हुए कहा कि उन्हें एलपीजी बुकिंग करने के बाद कितने दिन में सिलिंडर की डिलीवरी होगी, यह उपभोक …और पढ़ें

बुकिंग के बाद SMS से मिलेगी सिलिंडर डिलीवरी की डेट (फाइल फोटो)
HighLights
- एलपीजी बुकिंग के बाद कितने दिन में होगी सिलिंडर की डिलीवरी, उपभोक्ताओं को एसएमएस से बताना होगा
- अपर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश, तीन महीने में पीएनजी कनेक्शन न लेने वाले उपभोक्ताओं को नहीं दी जाएगी एलपीजी
- पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की निगरानी के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर, एडीएम, जिला आपूर्ति अधिकारी समीक्षा करेंगे
भोपाल। एलपीजी बुकिंग करने के बाद कितने दिन में सिलिंडर की डिलीवरी होगी, यह उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजकर कंपनियों को बताना पड़ेगा। यह निर्देश राज्य शासन के अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी ने सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं और आयल कंपनियों के प्रतिनिधियों व जिला आपूर्ति अधिकारियों को दिए हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने कहा कि शहर के जिन स्थानों में पीएनजी पाइप-लाइन गई है, उसके आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को ऑयल कंपनी द्वारा अवगत कराया गया है कि वह पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करने के लिए तत्काल आवेदन करें।
इसके बाद भी जो उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन प्राप्त नहीं करें तो आगामी तीन माह में एलपीजी का कनेक्शन बंद किया जा सकता है। पीएनजी कनेक्शन के लिए उन्होंने सीजीडी संस्थाओं को शिविर लगाने को भी कहा। उन्होंने कहा कि पीएनजी पाइप लाइन जिन क्षेत्रों में बिछ चुकी है, वहां आवासीय परिसर, स्कूल, हॉस्टल, कॉलेज, कम्युनिटी किचन और आंगनवाड़ी केंद्रों को आवेदन प्राप्त होने के पांच दिन में पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराएं। पीएनजी कनेक्शन की प्रगति की निगरानी के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर, एडीएम, जिला आपूर्ति अधिकारी और संबंधित सीजीडी संस्थाओं के अधिकारी समीक्षा करेंगे।
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाएं अगले तीन माह में दिए जाने वाले पीएनजी कनेक्शन का लक्ष्य निर्धारित करें। इसके साथ ही सीजीडी संस्थाओं द्वारा प्रतिदिन किए जा रहे आवेदन एवं उसके विरुद्ध दिए जा रहे पीएनजी कनेक्शन की सतत निगरानी की जाए। एसीएस शमी ने कहा कि प्रदेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एलपीजी की कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 2593 स्थानों पर जांच कर नौ मामलों में एफआईआर की गई है। 583 पेट्रोल पंपों की जांच में दो मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है।
पॉलिटेक्निक, आइटीआई से प्रशिक्षणार्थियों की सूची सीजीडी संस्था को उपलब्ध कराए
एसीएस शमी ने जिला आपूर्ति अधिकारियों को एमपीआइडीसी के जिला अधिकारी, जिले में स्थित पालिटेक्निक तथा आइटीआई से प्रशिक्षणार्थियों की सूची सीजीडी संस्था को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सीजीडी संस्था द्वारा इन प्रशिक्षणार्थियों को वर्तमान वेंडर के साथ क्लब कर मैन पावर बढ़ाया जाएगा।
10 आरओयू आवेदनों की 24 घंटे के अंदर स्वीकृति जारी
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार पीएनजी कनेक्शन प्रदाय करने के लिए पांच विभागों नगरीय प्रशासन एवं विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण एवं मप्र औद्योगिक विकास निगम द्वारा सीजीडी संस्थाओं को उनके आवेदन करने के 24 घंटे में पाइप-लाइन बिछाने की आरओयू अनुमति देने के आदेश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा 10 आरओयू आवेदनों की 24 घंटे के अंदर स्वीकृति जारी की गई है।




