मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों को उस समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जब वे …और पढ़ें

राष्ट्रपति से मिलने जा रहे कांग्रेस विधायकों को दिल्ली में हिरासत में लिया गया।
HighLights
- राष्ट्रपति से मुलाकात का समय नहीं मिलने पर कांग्रेस विधायकों ने मार्च निकाला
- 24 अकबर रोड पर पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोका
- नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कई नेता हिरासत में लिए गए
भोपाल। मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस के विधायकों को उस समय पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जब वे राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च कर रहे थे। कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात करना चाहते थे।
राष्ट्रपति भवन की ओर कूच कर रहे थे कांग्रेस विधायक
जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति सचिवालय की ओर से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को सूचित किया गया कि फिलहाल मुलाकात के लिए समय उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च के लिए रवाना हुए।
24 अकबर रोड पर रोका गया मार्च
कांग्रेस विधायकों और नेताओं को दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय 24 अकबर रोड के पास ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने और बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद रहे। कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए।
राज्यसभा चुनाव विवाद को लेकर प्रदर्शन
कांग्रेस का आरोप है कि राज्यसभा चुनाव में उसकी प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं रही। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी लगातार कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ रही है। राष्ट्रपति से मुलाकात कर कांग्रेस इस मामले में हस्तक्षेप की मांग करना चाहती थी।




