फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को केवल केबिन तक सीमित रखते हुए बुझा दिया, जिससे टैंकर में भरे ज्वलनशील ईंधन तक आग नहीं पहुंच सकी।

पेट्रोल से भरे टैंकर को बुझाते हुए दमकलकर्मी
HighLights
- आइसर संस्थान के पास घटना।
- शार्ट सर्किट की आशंका है।
- टैंकर तक नहीं पहुंची आग।
भोपाल। खजूरीसड़क क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब आइसर संस्थान के पास ई-20 पेट्रोल (20 प्रतिशत एथेनाल मिश्रित पेट्रोल) से भरे एक टैंकर के केबिन में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और एक फायर ब्रिगेड वाहन की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। आग यदि टैंकर के ईंधन भंडारण हिस्से तक पहुंच जाती तो गंभीर विस्फोट हो सकता था।
घटना सुबह करीब 11:15 बजे की है। जानकारी के अनुसार टैंकर रिलायंस प्लांट से ई-20 पेट्रोल लेकर जा रहा था। आइसर के पास चालक टैंकर खड़ा कर कहीं चला गया था। अचानक केबिन से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग भड़क गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल और पुलिस को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को केवल केबिन तक सीमित रखते हुए बुझा दिया, जिससे टैंकर में भरे ज्वलनशील ईंधन तक आग नहीं पहुंच सकी।
खजूरीसड़क थाना प्रभारी नीरज वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण केबिन में शार्ट सर्किट होना सामने आया है। हादसे के समय चालक मौके पर मौजूद नहीं मिला।
पेट्रोलियम प्लांट से लोड होकर टैंकर जा रहा था। आग बुझने के बाद पुलिस ने पेट्रोलियम कंपनी से संपर्क किया था, लेकिन टैंकर मालिक वेंडर ने देर रात तक शिकायत नहीं की है।




