नया बसेरा में सोमवार रात एक शादी समारोह में बवाल मच गया। दोनों तरफ से हथियार चलने लगे। स्थिति संभालने के लिए बल तैनात करना पड़ा। घायलों को अस्पताल पहु…और पढ़ें

इंदौर में शादी में पुड़ी-सब्जी कम पड़ी तो चले चाकू-पत्थर (ये तस्वीर एआई से बनाई गई है)
इंदौर। नया बसेरा में सोमवार रात एक शादी समारोह में बवाल मच गया। दोनों तरफ से हथियार चलने लगे। स्थिति संभालने के लिए बल तैनात करना पड़ा। घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों पक्षों के 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज की। रात में शादी भी टल गई। मंगलवार को दूल्हा-दुल्हन थाने पहुंचे और फेरे लेने की अनुमति मांगी।
गांधी नगर थाना टीआई अनिल यादव के अनुसार कॉलोनी में रहने वाली पूनम चांदरे की ऋतिक डोडिया से शादी हो रही थी। देवास अंबेडकर नगर से बारात लेकर आया था। खाने को लेकर विवाद हो गया। पूनम का चाचा मोहित गोहर मध्यस्थता करने आया तो बराती उस पर टूट पड़े। उस पर चाकू से हमला कर दिया। दोस्त अमन, विजय, राहुल, अब्बू बचाने आए तो उनकी पिटाई कर दी। पथराव शुरू कर दिया और सिर फोड़ डाले। शादी में अफरा-तफरी का माहौल हो गया और शादी रोकना पड़ी।
टीआई ने वायरलेस से बल बुलाकर संभाली स्थिति, दोनों पक्षों पर केस दर्ज
संयोग से टीआई अनिल यादव चेकिंग के लिए उधर से गुजर रहे थे। वायरलेस सेट से प्रसारण कर बल बुलाया और स्थिति संभाली। रात में ही मोहित की शिकायत पर विशाल डागर, चिराग डोडिया, कालू डोडिया, दीपक प्रजापत, नैतिक चौहान और आशीष खरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। उधर दीपक प्रजापत निवासी प्रतापनगर देवास ने मोहित, अमन, लोकेश और विजय के खिलाफ रिपोर्ट लिखवाई है। दीपक भी शादी में शामिल होने आया था। उसको विवाद के बाद घेर कर पीटा गया है।
मेहमान बिना खाना खाए लौटे, अगले दिन रजामंदी के बाद थाने पहुंचे दूल्हा-दुल्हन
रात में विवाह स्थल पर तोड़फोड़ हो गई थी। खाना खाए बगैर मेहमान चले गए और कार्यक्रम रोकना पड़ा। मंगलवार को दोनों के रिश्तेदार और समाजजन एकत्र हुए और फेरे के लिए राजी हुए। दूल्हा-दुल्हन खुद थाने पहुंचे और लिखित में अर्जी देकर शादी की।




