Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

लुकआउट सर्कुलर जारी; टिकट बुकिंग की आड़ में करते थे मनी लांड्रिंग

 

महादेव एप मामले में भोपाल के कारोबारी धीरज और विशाल आहूजा के खिलाफ सीबीआई ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया, जबकि विशेष अदालत ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी किय…और पढ़ें

महादेव एप केस में भोपाल के आहूजा बंधुओं पर CBI का बड़ा एक्शन: लुकआउट सर्कुलर जारी; टिकट बुकिंग की आड़ में करते थे मनी लांड्रिंग

महादेव सट्टा एप का संचालन करने वाला आहूजा ब्रदर्स। फाइल फोटो।

HighLights

  1. भोपाल के कारोबारी धीरज और विशाल आहूजा के खिलाफ सीबीआई ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया
  2. महादेव एप मामले में विशेष अदालत ने गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया
  3. जांच में सट्टे की कथित कमाई से दुबई के रियल एस्टेट में निवेश के संकेत मिले हैं

भोपाल। ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े कुख्यात महादेव एप के कर्ताधर्ताओं पर शिकंजा कस रहा है। मुख्य आरोपियों के करीबी सहयोगी और भोपाल के कारोबारी धीरज आहूजा और विशाल आहूजा के खिलाफ सीबीआई ने लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है।

रायपुर में सीबीआई की विशेष अदालत ने दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी इस समय देश छोड़कर भाग चुके हैं और उनके दुबई में होने की आशंका है। जांच एजेंसियों के अनुसार, भोपाल के शाहजहांनाबाद के परी बाजार इलाके में स्थित रैपिड ट्रेवल्स कंपनी के मालिक धीरज और विशाल आहूजा, महादेव एप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकार के बेहद करीबी माने जाते हैं।

 

ट्रेवल कंपनी की आड़ में सट्टेबाजी

यह कंपनी केवल नाम के लिए एक ट्रैवल एजेंसी थी, जबकि असल में इसके जरिए सट्टेबाजी से आने वाले रुपयों का हवाला में उपयोग किया जा रहा था। रैपिड ट्रेवल्स ही फेयरप्ले डाट काम, रेड्डी अन्ना और महादेव एप जैसी अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों का समर्थन और प्रचार करने वाले एप प्रमोटरों, उनके परिवार के सदस्यों, व्यापारिक सहयोगियों और बालीवुड की जानी-मानी हस्तियों (सेलिब्रिटीज) के पूरे टिकट संचालन का प्रबंधन करती थी।

वॉलेट बैलेंस और कैश का खेल

प्रवर्तन निदेशालय की जांच में सामने आया है कि आहूजा बंधुओं ने सट्टेबाजी से होने वाली बेहिसाब कमाई को मुख्य टिकट प्रदाताओं के पास जमा कराया। इसके बाद, ट्रैवल पोर्टल के वॉलेट बैलेंस का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई टिकट बुक किए गए। रैपिड ट्रेवल्स, महादेव समूह के अधिकांश भव्य आयोजनों के लिए यात्रा व्यवस्थाएं संभालने में सीधे तौर पर शामिल थी।

इसमें दुबई में आयोजित होने वाला वार्षिक फिल्म के लिए दिए जाने वाले अवार्ड के कार्यक्रम भी शामिल था, जिसमें शामिल होने वाले वीआइपी और सेलिब्रिटीज के टिकट इसी कंपनी के जरिए बुक किए गए थे।

दुबई में करोड़ों का निवेश

जांच अधिकारियों का कहना है कि हवाला नेटवर्क के जरिए भारत और विदेशों में रकम भेजने के बदले दोनों भाइयों को भारी कमीशन मिलता था। इस काली कमाई के दम पर आहूजा भाइयों ने कुछ ही समय में करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्ति खड़ी कर ली है।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सट्टेबाजी के इस पैसे का एक बड़ा हिस्सा दुबई के रियल एस्टेट में लगाया गया है, जहां दोनों ने महंगे होटलों और जमीनों में भारी निवेश किया है। फिलहाल सीबीआई और ईडी दोनों आरोपियों को भारत वापस लाने के लिए कानूनी शिकंजा कस रही हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply