वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पीएस बिंद्रा ने निजी मेडिकल उपकरण कंपनी के खिलाफ करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।

File Photo
HighLights
- 4.14 करोड़ रुपये का मेडिकल उपकरण अनुबंध
- आधुनिक बताकर पुरानी लेजर मशीन देने का आरोप
- शिकायत पर क्राइम ब्रांच करेगी दस्तावेजों की जांच
भोपाल। राजधानी के एक वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ ने निजी मेडिकल उपकरण कंपनी पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने अत्याधुनिक तकनीक का दावा कर पुरानी लेजर मशीन उपलब्ध कराई और बाद में व्यावसायिक अनुबंध की शर्तों का भी पालन नहीं किया।
मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है।
ये हे मामला
अरेरा कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय डॉ. पीएस बिंद्रा, जो माताश्री नेत्रालय का संचालन करते हैं, ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2018 में कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें नवीनतम एक्सीमर लेजर सिस्टम उपलब्ध कराने और भविष्य में इंट्रा आक्युलर लेंस खरीदने का प्रस्ताव दिया था।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लगभग 4.14 करोड़ रुपये का अनुबंध हुआ। लेजर सिस्टम के लिए डॉ. बिंद्रा ने चार चेकों के माध्यम से 1.81 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
2015 से पहले की है मशीन
शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2018 में मशीन स्थापित कर दी गई, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि जिस तकनीक को अत्याधुनिक बताकर बेचा गया था, उसका निर्माण वर्ष 2015 में ही बंद हो चुका था।
डॉ. बिंद्रा का आरोप है कि कंपनी ने अनुबंध के अनुरूप लेंस खरीदने का वादा भी पूरा नहीं किया।
कानूनी नोटिस के बावजूद समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। अब क्राइम ब्रांच दस्तावेजों, भुगतान और अनुबंध की शर्तों की विस्तृत जांच कर रही है।




