मध्य प्रदेश में मौसम तेजी से बदलने लगा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 दिन में तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी देखी जा सकती है। सोमवार को खंडव …और पढ़ें
HighLights
- अगले 3 दिन में 3 डिग्री तक उछलेगा पारा
- प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर बेअसर
- खंडवा 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज
भोपाल: मध्य प्रदेश में सर्दी की विदाई के बीच अब सूरज के तेवर तीखे होने लगे हैं । सोमवार को प्रदेश का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा, जिसके चलते अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई ।
मौसम केंद्र के अनुसार, वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय न होने के कारण आसमान साफ है और धूप का प्रभाव बढ़ गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान निमाड़ अंचल में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखा गया। खंडवा 31.5 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं, खरगोन में 31.0 और भोपाल (बैरसिया) में तापमान 29.9 डिग्री तक जा पहुंचा।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| भोपाल | 29.4 | 10.2 |
| इंदौर | 30.2 | 11.2 |
| ग्वालियर | 28.8 | 10.6 |
| जबलपुर | 28.1 | 11.4 |
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में
इसके विपरीत, कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो दर्शाता है कि रात में अभी भी हल्की गुलाबी ठंड बरकरार है। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक की बढोतरी होने की संभावना है।
अगले 72 घंटे गर्मी की ओर बढ़ते कदम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है और दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। हालांकि, इनका रुख उत्तर भारत की ओर होने के कारण मध्य प्रदेश में इनका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा। अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की और वृद्धि होने की संभावना है।




