Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

Bhopal में अतिक्रमण पर ‘पीला पंजा’ भारी… कोलार में टीन बाउंड्री और नीलबड़ में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का अवैध हिस्सा ध्वस्त

 

भोपाल। कोलार दशहरा मैदान के पास अवैध रूप से बनाई गई टीन की बाउंड्री को नगर निगम के अमले ने सोमवार को जेसीबी से तोड़ दिया। साथ ही नीलबड़ में डीपीएस स्कूल क्षेत्र में निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में अवैध रूप से बनाई गईं दीवारों को भी निगम के अमले ने ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा शहर के विभिन्न हिस्सों में भी नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी अमले ने सड़कों पर जमे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए चार ट्रक सामान जब्त किया।

नीलबड़ में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दीवारें ढहाई गईं

नीलबड़ डीपीएस स्कूल क्षेत्र में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है, जिसकी पहली मंजिल पर नगर निगम की भवन अनुज्ञा शाखा की अनुमति के अतिरिक्त चार दीवारों का निर्माण कर दिया गया था। ऐसे में नगर निगम के अमले ने अवैध रूप से बनाई गईं चार दीवारों को तोड़ दिया। वहीं, कोलार दशहरा मैदान के सामने अतिक्रमण कर अवैध रूप से टीन की बाउंड्री का निर्माण कर दिया गया था। ऐसे में निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने जिला प्रशासन की कार्रवाई में सहयोग करते हुए टीन की बाउंड्री को जेसीबी से तोड़ दिया और टूटी चादर, पाइप सहित चार ट्रक सामान जब्त किया।

श्यामला हिल्स से लेकर करोंद तक हटाया गया अतिक्रमण

इसके अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी कार्रवाई करते हुए अमले ने बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, काउंटर, पान पार्लर के साथ ही फुटपाथों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण कर लगाई गई सब्जी व अन्य प्रकार के सामान की दुकानों को हटाया। अमले ने श्यामला हिल्स, बाणगंगा, वल्लभ भवन, जवाहर चौक, लिंक रोड नंबर एक और दो, 12 नंबर स्टॉप, नूतन कॉलेज, एमपी नगर, न्यू अदालत, बोर्ड ऑफिस, रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, अयोध्या बायपास, गोविन्दपुरा, अयोध्या थाना, जेके रोड, भानपुर, करोंद चौराहा, पीपल चौक, नवीबाग, लांबाखेड़ा, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड, आशाराम तिराहा, हलालपुर बस स्टैंड, बुधवारा, अशोका गार्डन आदि क्षेत्रों में कार्रवाई की।

आवागमन में बाधक वाहनों और सामग्री पर एक्शन

आवागमन में बाधक वाहनों को हटाया अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए श्यामला हिल्स थाने के सामने व दाता कॉलोनी एयरपोर्ट क्षेत्र से आवागमन में बाधक आठ चार पहिया वाहन, करोंद चौराहे क्षेत्र से अवैध रूप से बना छप्पर, अशोका गार्डन रामानंद नगर गुरू नानक कॉलोनी में अवैध रूप से बने चबूतरे तथा लालघाटी में आवागमन में बाधक रेत, गिट्टी आदि भवन निर्माण सामग्री सहित अन्य प्रकार के अतिक्रमणों को हटाया गया। कार्यवाही के दौरान निगम अमले ने चार ठेले, 24 स्टूल जब्त किए।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply