Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

मुख्यमंत्री की गैर-मौजूदगी में मंत्रालय खाली, गृह और वन विभाग में नहीं मिला एक भी कर्मचारी!

 

भोपाल। वल्लभ भवन मंत्रालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति के लिए गुरुवार को एक घंटे तक छापामार कार्रवाई चली। इसमें कुछ विभागों में तो स्टाफ उपस्थित मिला, लेकिन खेल, वन, कृषि और गृह जैसे विभाग पूरी तरह से खाली मिले। यहां न तो उच्चाधिकारी समय पर आए थे और न ही ऑफिस का स्टाफ। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन गुरुवार को भोपाल से बाहर दौरे पर थे।

इस बीच वल्लभ भवन में सुबह 10.30 बजे से 11.30 बजे तक चली छापामार कार्रवाई में सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के अपर मुख्य सचिव संजय शुक्ला, अजय कटेसरिया, दिनेश मौर्य और मनोज श्रीवास्तव ने अपनी-अपनी टीम बनाकर मंत्रालय के विभागों में स्टाफ की उपस्थिति की स्थिति देखी। अधिकारियों ने उपस्थिति रजिस्टर देखा और पूछताछ की तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति, आने-जाने का समय व अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी संकलित की।

 

गृह विभाग पूरी तरह से खाली मिला

संजय शुक्ला ने गृह विभाग का निरीक्षण किया, जो पूरी तरह से खाली मिला। यहां सुबह के निर्धारित समय 10.30 बजे एक भी अधिकारी या कर्मचारी उपस्थित नहीं मिला। इसी तरह खेल एवं युवा कल्याण, कृषि, सहकारिता, जनजातीय कार्य और वन विभाग में भी स्टाफ उपस्थित नहीं मिला। वन विभाग में तो प्रमुख सचिव संदीप यादव और उनका स्टाफ ही नहीं आया था। एमएसएमई विभाग की भी यही स्थिति थी।

हालांकि औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन, सामान्य प्रशासन, वित्त, स्कूल शिक्षा, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग में अधिकारी-कर्मचारी समय पर उपस्थित पाए गए। समय पर उपस्थिति के मामले में इन विभागों की स्थिति अच्छी रही।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई छापामार कार्रवाई

दरअसल, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन बार-बार निर्देश देते हैं कि शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों की समय पर शत-प्रतिशत उपस्थिति हो। बावजूद इसके अधिकारी-कर्मचारी सुबह के निर्धारित समय पर नहीं आते। इससे नाराज मुख्यमंत्री डा. यादव के सख्त निर्देश पर गुरुवार को वल्लभ भवन मंत्रालय में समय पर उपस्थिति के लिए छापामार कार्रवाई की गई।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply