भोपाल: भोपाल के कोलार इलाके में बदमाशों की आपसी रंजिश के चलते एक नाबालिग किशोर को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने दुश्मनी के कारण एक निर्दोष किशोर को पकड़कर बेरहमी से पीटा। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इस मामले में कोलार पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
होली खेलकर घर लौटते समय रोका
पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय दिनेश अहिरवार कोलार के गणेश नगर क्षेत्र का निवासी है और वह पुताई का काम करता है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह होली खेलने के बाद पैदल अपने घर लौट रहा था। जब वह बांसखेड़ी पुलिया के पास से गुजर रहा था, तभी कुछ युवकों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों में निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन शामिल हैं। उन्होंने दिनेश से उसके दोस्त विशु शर्मा के साथ घूमने को लेकर सवाल किए और उसे भला-बुरा कहने लगे।
सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीटा
विरोध करने पर आरोपियों ने दिनेश को जबरन अपनी बाइक पर बैठा लिया और उसे सौम्या ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां उन्होंने डंडों, लाठी, बेल्ट और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की।
लगातार मारपीट के कारण दिनेश का पैर फ्रैक्चर हो गया और वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल में छोड़कर वहां से फरार हो गए।
स्वजनों को दी सड़क हादसे की झूठी सूचना
घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने घायल किशोर के स्वजनों को फोन कर यह कह दिया कि दिनेश सड़क हादसे में घायल हो गया है और उसे बचा लिया जाए। बाद में परिवार को पूरे मामले की जानकारी मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
गुरुवार को कोलार पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज किए। पुलिस ने सातों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।




