भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव का तिथिवार कार्यक्रम घोषित कर दिया है। प्रदेश में जून में रिक्त हो रही तीन सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
इन सीटों पर चुनाव के लिए एक जून से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी जो आठ जून तक चलेगी।
सुमेर सिंह सोलंकी, जार्ज कुरियन औरदिग्विजय सिंह की सीट हो रही रिक्त
फिलहाल दो सीट भाजपा के पास हैं और एक सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। कांग्रेस से दिग्विजय सिंह, भाजपा से केंद्रीय मंत्री जार्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है।
दिग्विजय सिंह का राज्यसभा में यह लगातार दूसरा कार्यकाल था। वहीं, जार्ज कुरियन ज्योतिरादित्य सिंधिया के केंद्रीय मंत्री बनने के बाद रिक्त सीट के लिए अगस्त 2024 में हुए उप चुनाव में राज्य सभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।
जीत के लिए चाहिए 58 वोट
मप्र विधानसभा में निर्धारित सदस्य संख्या 230 है। दतिया से कांग्रेस विधायक रहे राजेन्द्र भारती के विरुद्ध अपराधिक प्रकरण में सजा के बाद विधानसभा ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी है। इस तरह कुल 229 सदस्य बचते हैं। जीत के निर्धारित फार्मूला के अनुसार एक सीट जीतने के लिए 58 सदस्यों का मत आवश्यक है।
अभी भाजपा के पास 164, कांग्रेस के पास 64 सदस्य हैं। एक सीट भारत आदिवासी पार्टी के पास और एक रिक्त है। इस तरह से दो सीट भाजपा के खाते में जाना तय है।
कांग्रेस को क्रॅास वोटिंग का खटका
कांग्रेस के 64 सदस्यों में बीना से विधायक निर्मला सप्रे के विरुद्ध विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने दलबदल विरोधी कानून के विरुद्ध कार्रवाई के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है। वहीं, श्योपुर की विजयपुर सीट से उप चुनाव में कांग्रेस से जीते मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन का मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, इस कारण कोर्ट ने उन्हें मत देने का अधिकार नहीं दिया है।
ऐसे में कांग्रेस चिंतित है कि उसके पास बचे हुए 62 में से चार सदस्य भी इधर-उधर हुए तो नहीं जीत पाएंगे।
इस कार्यक्रम के अनुसार होंगे चुनाव
अधिसूचना जारी होने की तारीख – 1 जून
नामांकन पत्र भरने की आखिरी तारीख – 8 जून
नामांकन पत्रों की जांच – 9 जून
नामांकन पत्र वापस लेने की तारीख – 11 जून
मतदान की तारीख – 18 जून (सुबह नौ से शाम चार बजे)
मतगणना की तारीख – 18 जून




