भोपाल। ऐशबाग पुलिस ने गौकशी के मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
आरोपित लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि काले कपड़े पहने एक युवक पुष्पा नगर पार्किंग ग्राउंड के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक पार्किंग में खड़ी एक बस के पीछे छुपने लगा, लेकिन सतर्कता से उसे दबोच लिया गया।
आरोपित मोहम्मद अमन पिता मोहम्मद जब्बार, निवासी कम्मू का बाग ऐशबाग से चार जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। हथियार के वैध दस्तावेज नहीं होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में खुलासा हुआ कि वह ऐशबाग थाने में दर्ज गौकशी के प्रकरण में फरार था और उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इस मामले में पहले उसके पिता जब्बार (65) और भाई रूसी (40) को एक क्विंटल से अधिक गौमांस के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।




