bhopal-men-18-sal-pahle-mar-chuki
Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

भोपाल में 18 साल पहले मर चुकी महिला की हमनाम वृद्धा को ‘जिंदा’ बताकर बेच दी ₹4 करोड़ की जमीन

 

रातीबड़ पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जिसने मृत भू-स्वामी कमला बाई शर्मा की जगह 66 साल की हमनाम वृद्धा को खड़ा कर सवा एकड़ जमीन की फर्जी र …और पढ़ें

HighLights

  1. ₹4 लाख के लालच में बनी फर्जी भू-स्वामी, उप पंजीयक कार्यालय में खिंचवाई फोटो
  2. गिरफ्तारी के बाद जेल से बचने के लिए जेपी अस्पताल में बीमारी का बहाना बनाकर भर्ती हुई वृद्धा
  3. 18 साल पहले मर चुकी ‘कमला बाई शर्मा’ की हमनाम वृद्धा के साथ मिलकर किया फर्जीवाड़ा

भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र में जालसाजी और धोखाधड़ी का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां भू-माफियाओं ने कानून और सरकारी सिस्टम की आंखों में धूल झोंककर एक मृत महिला की चार करोड़ रुपये की जमीन की रजिस्ट्री करवा दी।

महिला का एक जैसा नाम होने का उठाया फायदा

पुलिस के अनुसार, ग्राम सरवर स्थित खसरा नंबर-19 की करीब सवा एकड़ बेशकीमती जमीन कमला बाई शर्मा (पिता श्यामलाल शर्मा) के नाम पर सरकारी दस्तावेजों में दर्ज थी। शातिर जालसाजों ने इस जमीन को हड़पने के लिए प्रेमपुरा कमला नगर की रहने वाली 66 वर्षीय कमला बाई (पति बटनलाल) से संपर्क किया।

 

महज 4 लाख रुपये के लालच में आकर इस वृद्धा ने मृत महिला का रूप धारण किया और आईएसबीटी स्थित उप पंजीयक कार्यालय पहुंचकर खरीदार नीलेश मालवीय और चंद्रशेखर बघेल के पक्ष में फर्जी रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर और अपनी फोटो खिंचवा दी।

नाती की सजगता से खुला राज, सरकारी रिकॉर्ड में 18 साल पहले हो चुकी थी मौत

इस महाफर्जीवाड़े का पर्दाफाश तब हुआ जब मृतका के नाती बृजेश शर्मा ने 24 मार्च 2026 को उप पंजीयक कार्यालय में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जब उप पंजीयक डॉ. बृजेंद्र शुक्ला ने जांच शुरू की, तो पैरों तले जमीन खिसक गई।

सरकारी मृत्यु प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेखों की जांच में यह साफ हो गया कि वास्तविक भूमिस्वामी कमला बाई शर्मा का निधन 5 अक्टूबर 2008 (करीब 18 साल पहले) ही हो चुका था। रजिस्ट्री के वक्त पेश की गई महिला का चेहरा और उम्र मृतका के रिकॉर्ड से बिल्कुल मेल नहीं खा रहे थे।

अस्पताल में बीमारी का हाई-वोल्टेज ड्रामा, रातीबड़ पुलिस ने भेजा जेल

शिकायत सही पाए जाने के बाद रातीबड़ थाना पुलिस ने धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी वृद्धा कमला बाई को हिरासत में ले लिया। लेकिन इसके बाद आरोपी महिला ने पुलिस को छकाने के लिए एक और नया पैंतरा आजमाया।

गुरुवार को जब पुलिस टीम उसे अदालत में पेश करने से पहले अनिवार्य मेडिकल चेकअप के लिए जेपी अस्पताल लेकर पहुंची, तो उसने डॉक्टरों के सामने अचानक गंभीर बीमारी का बहाना बनाना शुरू कर दिया। अपनी चालबाजी में सफल होते हुए वह अस्पताल के वार्ड में भर्ती भी हो गई।

इसके बाद रातीबड़ पुलिस को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। डॉक्टरों से डिस्चार्ज और हरी झंडी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी वृद्धा को विधिवत गिरफ्तार किया और कोर्ट के आदेश पर सीधे जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया। पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े मुख्य भू-माफियाओं और खरीदारों की तलाश में जुटी है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply