एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia)
भोपाल / अपराध एवं शहर डेस्क
भोपाल में बेखौफ बदमाशों का आतंक: शाहपुरा थाना क्षेत्र में अवध मार्ग पर पत्रकार संदीप सिंह से 1.5 लाख का मोबाइल झपठा; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
भोपाल: राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी शाहपुरा थाना क्षेत्र में देखने को मिली है। रविवार शाम करीब 7 बजे अवध मार्ग पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक स्थानीय पत्रकार को निशाना बनाते हुए उनके हाथ से डेढ़ लाख रुपये कीमत का महंगा मोबाइल फोन झपट लिया। वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया गया कि पीड़ित पत्रकार कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश फरार हो गए। मोबाइल छिनने के महज एक मिनट के भीतर ही उसे स्विच ऑफ कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर शाहपुरा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ स्नैचिंग (झपटमारी) का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फोन पर बात करते वक्त दिया वारदात को अंजाम
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित पत्रकार संदीप सिंह शाहपुरा इलाके में ही निवास करते हैं। रविवार की शाम वह किसी काम से दुकान गए थे और वहां से सामान लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आ गया।
संदीप फोन को कान से लगाकर बात करते हुए अपने घर की तरफ पैदल ही बढ़ रहे थे, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार होकर दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश, जिसने अपने चेहरे को स्कार्फ से पूरी तरह ढंक रखा था, ने चलती बाइक से ही झपट्टा मारा और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने बाइक की रफ्तार बढ़ाई और पलक झपकते ही वहां से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाश, नंबर स्पष्ट नहीं
वारदात की सूचना मिलते ही शाहपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें एक कैमरे में बाइक सवार दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर तेजी से भागते हुए नजर आ रहे हैं।
हालांकि, कैमरा अधिक दूरी पर होने के कारण आरोपियों के चेहरे और मोटरसाइकिल का नंबर स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ सका है। थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि पुलिस अब मुख्य सड़क और आने-जाने वाले संभावित रास्तों पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी बारीकी से खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के रूट का पता लगाकर उनकी जल्द से जल्द पहचान की जा सके।




