Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले से टोंटियां चुराने वाला पकड़ाया,आदतन अपराधी निकला चोर

एग्रसर इंडिया (AgrasarIndia)

भोपाल / अपराध एवं शहर डेस्क

भोपाल में पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले पर चोरी का खुलासा: चार इमली स्थित आवास से 16 टोंटियां चुराने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 12 आपराधिक मामले हैं दर्ज

भोपाल: राजधानी भोपाल के हाई-प्रोफाइल और वीवीआईपी क्षेत्र चार इमली में स्थित मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के शासकीय बंगले से नल की टोंटियां चुराने वाले मुख्य आरोपी को हबीबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गई करीब 20 हजार रुपये कीमत की सभी 16 टोंटियां बरामद कर ली हैं। पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में पहले से ही एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

ताला तोड़कर बाथरूम और किचन से उखाड़ ले गया था टोंटियां

पुलिस से प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार, यह घटना चार इमली क्षेत्र में स्थित पूर्व मंत्री अजय बिश्नोई के बंगले पर हुई थी। बंगले के केयरटेकर द्वारका प्रसाद अहिरवार ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, जब दिन में केयरटेकर किसी जरूरी काम से बाहर गया हुआ था, तब अज्ञात बदमाश ने मौका पाकर मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया और अंदर दाखिल हो गया।

बदमाश ने शातिर अंदाज में बंगले के चारों बाथरूम और किचन में लगे महंगे नलों को निशाना बनाया और वहां से कुल 16 नल की टोंटियां निकालकर चोरी कर लीं। जब केयरटेकर वापस लौटा, तो उसने नलों से टोंटियां गायब देखीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को इस दुस्साहसिक चोरी की सूचना दी गई।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से दबोचा गया आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए हबीबगंज थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किए और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चोरी की इस घटना को अंजाम देने वाला संदिग्ध अंकुर खेल मैदान के पास देखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और संतोष अहिरवार उर्फ झुमरू (उम्र 30 वर्ष), निवासी टीटी नगर, भोपाल को दबोच लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पूर्व मंत्री के बंगले पर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने भोपाल के प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास छिपाई गई चोरी की सभी 16 टोंटियां भी बरामद कर लीं।

आदतन अपराधी है आरोपी, पहले से दर्ज हैं 12 गंभीर मामले

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पकड़ा गया आरोपी संतोष अहिरवार कोई आम चोर नहीं, बल्कि एक शातिर और आदतन अपराधी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी देने, चोरी, नकबजनी और वाहन चोरी जैसे 12 गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसने चोरी का यह माल किसे बेचने की योजना बनाई थी। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply