मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ तो गर्म हवाओं ने प्रदेश को तपा रखा है, वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान क …और पढ़ें

MP के 18 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
HighLights
- खजुराहो में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया
- आज 18 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
- पन्ना में गिरे ओले, जबलपुर में हुई बूंदाबांदी
भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ तो उत्तर-पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं ने प्रदेश को तपा रखा है, वहीं दूसरी ओर कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ हल्की बारिश भी हो रही है। मंगलवार को छतरपुर जिले का खजुराहो 44.8 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा। वहीं उमरिया में रात का पारा सामान्य से 7.7 डिग्री चढ़कर 29.4 डिग्री तक पहुंच गया। भीषण गर्मी ने लोगों की नींद उड़ा रखी है।
बारिश के साथ लू का अलर्ट
मौसम केंद्र ने बुधवार को 18 जिलों में गरज चमक के साथ बारिश तो कुछ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं। प्रदेश में मंगलवार को भीषण गर्मी के बीच जबलपुर में 59 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज आंधी चलीं। तो वहीं पन्ना जिले में ओले भी गिरे।
जबलपुर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज
जबलपुर और मलाजखंड में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है। वहीं रीवा, सतना और उज्जैन जिलों में रात का तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री अधिक रहा। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन का पारा 41 से 44 डिग्री के बीच बना हुआ है।
आज इन जिलों में चलेगी लू
मौसम केंद्र ने बुधवार को सागर, विदिशा, रायसेन, दतिया और श्योपुर सहित कुछ जिलों में भीषण लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि ग्वालियर, भिंड, मुरैना, रीवा, सतना, छतरपुर और छिंदवाड़ा सहित 18 जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा और बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है।




