भोपाल। राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और एनएचएआई (NHAI) जैसी बड़ी निर्माण एजेंसियों की घोर लापरवाही का खामियाजा एक बार फिर शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
गुरुवार सुबह करोंद चौराहे के पास मेट्रो की अंधाधुंध खुदाई के दौरान मुख्य कोलार पाइपलाइन अचानक फूट गई। देखते ही देखते सड़कों पर सैलाब आ गया और लाखों गैलन कीमती साफ पानी बहकर बर्बाद हो गया।
नगर निगम की टीम देर रात तक लाइन की मरम्मत में जुटी रही, लेकिन तब तक बड़ा नुकसान हो चुका था।
एक सप्ताह में होगा सुधार
निगम अधिकारियों के अनुसार, पूरे प्रभावित इलाके में जल प्रदाय व्यवस्था सामान्य होने में करीब 1 सप्ताह का समय लग सकता है। आज (शुक्रवार) पुराने भोपाल की करीब 1 लाख से अधिक आबादी तक पानी नहीं पहुंचेगा।
बिना लाइन शिफ्ट किए ही कर रहे खुदाई
बीते 15 दिनों में निर्माण एजेंसियों ने 14 बार पानी की मुख्य पाइपलाइन तोड़ी है। नगर निगम के स्पष्ट नियम और निर्देश हैं कि कोई भी निर्माण एजेंसी खुदाई का काम शुरू करने से पहले वहां से गुजर रही पानी और सीवेज की लाइनों को शिफ्ट करेगी।
इसके बावजूद मेट्रो, एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी (PWD) जैसी एजेंसियां बिना लाइन शिफ्टिंग किए ही सीधे भारी मशीनों से खुदाई कर रही हैं। एजेंसियों की इस मनमानी से नगर निगम को अब तक लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान भी हो चुका है।
इन इलाकों में आज नहीं आएगा पानी (प्रभावित क्षेत्र):
कोलार लाइन फूटने की वजह से आज पुराने भोपाल के एक बहुत बड़े हिस्से की वाटर सप्लाई पूरी तरह ठप रहेगी। मुख्य रूप से निम्नलिखित इलाके प्रभावित होंगे:
– टीला जमालपुरा
– डीआईजी बंगला
– नारियल खेड़ा
– जेपी नगर
– कांग्रेस नगर
– आरिफ नगर और इसके आस-पास का पूरा क्षेत्र
इसके अलावा पीडब्ल्यूडी और बिजली कंपनी के कामों की वजह से भी शहर के कई अन्य हिस्सों में बिजली और पानी की सप्लाई पर आंशिक असर पड़ा है।




