Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को मिली अंतरराष्ट्रीय उड़ान, सीएम बोले- मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने से खुलेंगे तरक्की के नए रास्ते

 

इंदौर से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ान 15 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुरू की, जिससे यात्रा का समय 7-8 घंटे से घटकर 3-4 घंटे हो जाएगा। यह उड़ान…और पढ़ें

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर को मिली अंतरराष्ट्रीय उड़ान, सीएम बोले- मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने से खुलेंगे तरक्की के नए रास्ते

इंदौर से अबू धाबी की सीधी उड़ान शुरू मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया शुभारंभ

 

भोपाल/इंदौर। एयर ट्रैवलर्स के लिए 15 जुलाई का दिन बेहद खास रहा। आज से इंदौर से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी की डायरेक्ट फ्लाइट शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर एयरपोर्ट पर इस नई इंटरनेशनल फ्लाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने फ्लाइट को फ्लैग ऑफ कर इंदौर एयरपोर्ट से रवाना किया। यह इंटरनेशनल मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की गई है। इस मौके पर सीएम डॉ. यादव ने यात्रियों को प्रतीकात्मक बोर्डिंग पास भी सौंपा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के माध्यम से मां अहिल्या की नगरी इंदौर में अंतरराष्ट्रीय उड़ान का ये अवसर अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर राज्य औद्योगिक-आर्थिक प्रगति कर रहा है। इस प्रगति में विमान सेवा महत्वपूर्ण है। आज शुरू होने जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवा मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू की जा रही है। यह नई सेवा हमारे संकल्प की पूर्ति भी करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह मुझे अंदर से खुशी दे रहा है।

 

आर्थिक राजधानी इंदौर मेट्रोपॉलिटन सिटी बनने से और महत्वपूर्ण हो जाएगी। हमारी विमानन नीति के तहत राज्य के अंदर विमान सेवाएं सफलतापूर्वक चल रही हैं। उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया है कि रीवा-दिल्ली फ्लाइट, रीवा-इंदौर फ्लाइट, रीवा-रायपुर फ्लाइट बेहतर ढंग से संचालित की जा रही हैं। भविष्य में जबलपुर-कोलकाता, भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता के लिए उड़ानें शुरू होंगी। इसके साथ-साथ राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन पर भी ध्यान दे रही है। इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर-इंदौर के लिए हेली सर्विस उपलब्ध है।

सरकार देगी सब्सिडी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना था कि हवाई जहाज में हवाई चप्पल वाला भी बैठ सकता है। हमारी सरकार बनने के बाद हम इसी भाव पर चल रहे हैं। इंदौर से अबू धाबी जाने के लिए पहले दिल्ली-मुंबई जाना पड़ता है, फिर 7 से 8 घंटे में वहां पहुंचते हैं।

लेकिन इंदौर से सीधी उड़ान यात्रियों को महज 3 से 4 घंटे में अबू धाबी पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार मध्यप्रदेश विमानन नीति के तहत हर फ्लाइट पर 15 लाख रुपये सब्सिडी देने को तैयार है। इसी के तहत आज यह बड़ी सौगात मिल रही है। इस फ्लाइट का किराया 25 हजार की जगह 12-14 हजार रुपये होगा। इस टिकट में होने वाले भाव का अंतर सरकार वहन करेगी।

आर्थिक मजबूती के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट जरूरी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार बनने के बाद राज्य में तीन एयरपोर्ट लोकार्पित हुए। इसके अलावा दो एयरपोर्ट उज्जैन और शिवपुरी निर्माणाधीन हैं। इस तरह दस एयरपोर्ट राज्य में उपलब्ध होंगे। हर 75 किमी पर एक कमर्शियल एयरपोर्ट और एक एयर स्ट्रिप होगी। हर 45 किमी पर एक हेलीपेड होगा। 230 विधानसभाओं में बनने जा रहे ये हेलीपेड उपयोगी साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि रीजनल कनेक्टिविटी के तहत शहडोल-नीमच-छिंदवाड़ा-मंडला इनको भी आरसीएस योजना का लाभ देंगे। खासकर, बीमारों के लिए पीएमश्री एंबुलेंस सेवा जरूरी है। मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने ये सुविधा चालू की। हमारी इस योजना को कई लोग कॉपी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अबू धाबी से हमारा गौरवशाली अतीत का संबंध है। आर्थिक रूप से मजबूत होने के लिए इस प्रकार की फ्लाइट की जरूरत भी है। मैं इस फ्लाइट से जाने वाले लोगों को बधाई देता हूं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply