भोपाल। मध्य प्रदेश इस समय तेज गर्मी और लू की चपेट में है। अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को बुंदेलखंड का खजुराहो प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं छिंदवाड़ा में यह 41.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक है। इसके चलते यहां लू जैसे हालात बने रहे। राजधानी भोपाल में भी इस सीजन में पहली बार तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है।
और बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम राजस्थान से दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो गर्म हवाओं को बढ़ावा दे रही है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में तापमान में दो डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है।
प्रदेश में आज यहां चलेगी लू
मौसम केंद्र ने प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, धार, बैतूल, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर — अधिकतम — न्यूनतम
भोपाल — 41.3 — 24.0
इंदौर — 40.6 — 22.7
ग्वालियर — 41.3 — 23.8
जबलपुर — 42.0 — 22.1
नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में




