भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की आधिकारिक एंट्री भले अभी नहीं हुई हो, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय हैं। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के करीब 45 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, श्योपुर, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर और दमोह जिलों में तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ मौसम अचानक बदल सकता है।
रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, शाजापुर, देवास, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, दतिया, मुरैना, भिंड, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, पांढुर्णा, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवा का दौर बना रह सकता है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। रतलाम में सबसे अधिक करीब डेढ़ इंच बारिश हुई, जबकि भोपाल, इंदौर, श्योपुर, झाबुआ, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, जबलपुर और छतरपुर समेत कई जिलों में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने तेज आंधी और बारिश के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों और आम नागरिकों से मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है। अगले 24 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम के लिहाज से संवेदनशील रह सकते हैं।




