भोपाल। मध्य प्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना, लेकिन उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षकों की भारी कमी इस महत्वाकांक्षी नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रही है।
प्रदेश के 19 सरकारी विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 2103 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से केवल 420 पदों पर नियमित नियुक्तियां हैं, जबकि 1683 पद रिक्त हैं। यानी करीब 80 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, एविएशन, वेब डिजाइनिंग और अन्य रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से इन पाठ्यक्रमों की गुणवत्ता और संचालन प्रभावित हो रहा है।
अधिकांश विश्वविद्यालय अतिथि विद्वानों और अस्थायी व्यवस्थाओं के सहारे शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
चार विश्वविद्यालयों में एक भी नियमित शिक्षक नहीं
प्रदेश के चार नवस्थापित विश्वविद्यालयों की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है।
– महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, छतरपुर
– क्रांतिसूर्य टंटया भील विश्वविद्यालय, खरगोन
– क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना
– रानी अवंतीबाई विश्वविद्यालय, सागर
इन विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के 140-140 स्वीकृत पद हैं, लेकिन एक भी नियमित शिक्षक नियुक्त नहीं है। सभी पद रिक्त हैं।
राजधानी के विश्वविद्यालय भी संकट में
भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय को छोड़ अधिकांश संस्थानों में शिक्षकों की भारी कमी है। भोज मुक्त विश्वविद्यालय में 84 पाठ्यक्रमों और लगभग एक लाख विद्यार्थियों के बावजूद केवल चार नियमित शिक्षक कार्यरत हैं।
वहीं बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में 105 स्वीकृत पदों के मुकाबले महज 36 शिक्षक हैं और शेष पद खाली हैं। यहां शिक्षण व्यवस्था बड़े पैमाने पर अतिथि विद्वानों के भरोसे संचालित हो रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द नियमित भर्ती नहीं की गई तो राष्ट्रीय शिक्षा नीति के लक्ष्य और नई पीढ़ी को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की मंशा प्रभावित हो सकती है।
विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए हाल ही में बैठक हुई है। जल्द खाली पदों को भरने के निर्देश दिए गए हैं। समय-समय पर विज्ञापन जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।-इंदर सिंह परमार, उच्च शिक्षा मंत्री, मप्र
विश्वविद्यालय का नाम स्वीकृत पद कार्यरत शिक्षक खाली पद बीयू (बरकतउल्ला विश्वविद्यालय) 105 36 69 भोज विवि 54 04 50 हिंदी विवि 27 13 14 जीवाजी विवि 104 24 80 देवी अहिल्या विवि 154 81 73 एपीएस रीवा 76 24 49 रानी दुर्गावती विवि 156 18 138 विक्रम विवि उज्जैन 161 49 112 महात्मा गांधी, चित्रकूट 119 64 45 पं. एसएन शुक्ल शहडोल 121 24 97 डॉ. बीआर आंबेडकर विवि 113 07 106 राजा शंकर शाह विवि 175 00 175 महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विवि 140 00 140 क्रांतिसूर्य टंटया भील विवि 140 00 140 क्रांतिवीर तत्या टोपे विवि 140 00 140 रानी अवंतीबाई विवि 140 00 140 नेशनल लॉ विवि 91 32 59 धर्मशास्त्र विधि विवि 57 22 35 महर्षि पाणिनी संस्कृत विवि 30 09 21




