Bhopal Breaking news Latest News MP Polictics

ट्विशा शर्मा की मौत में पुलिस जांच पर उठाए गंभीर सवाल, परिजनों ने की री-पोस्टमार्टम की मांग

 

भोपाल। हाईप्रोफाइल केस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में एमपी नगर के एक रेस्तरां में मृतका के पिता, भाई और स्वजनों ने पत्रकार वार्ता की, जिसमें पूर्व सैन्य अधिकारी भी शामिल हुए। उनके साथ मिलकर स्वजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि घटना के कई दिन बाद भी मुख्य आरोपित पति फरार है। केवल उस पर इनाम घोषित करना या पासपोर्ट निलंबित करना ही पर्याप्त कार्रवाई नहीं है। स्वजनों ने मृतका के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम (री-पोस्टमॉर्टम) कराने की मांग दोहराई, ताकि वे जल्द से जल्द उसका अंतिम संस्कार कर सकें।

सेवानिवृत्त मेजर जनरल बोले- आरोपी रसूखदार, पुलिस का रवैया घोर लापरवाही भरा

पत्रकार वार्ता में शामिल हुए सेवानिवृत्त मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने कहा कि यह कोई सामान्य मौत नहीं है और कानून-व्यवस्था की स्थिति निष्पक्ष दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि मृतका का भाई खुद सेना में मेजर के पद पर तैनात है, इसके बावजूद न्याय के लिए परिवार को दर-दर भटकना पड़ रहा है क्योंकि आरोपित रसूखदार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि पोस्टमॉर्टम के समय फंदे की सामग्री को जांच के लिए क्यों नहीं भेजा गया? यह पुलिस की घोर लापरवाही या अनप्रोफेशनल रवैये को दर्शाता है।

 

थाने के पास घर फिर भी पुलिस को नहीं दी सूचना, एफआईआर में लगाए तीन दिन

मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस को पहला फोन उनके परिवार ने किया था, न कि ससुराल वालों ने। ससुराल पक्ष का यह दावा झूठा है कि वह महिला को बचाने की जल्दबाजी में थे। सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि घटना के समय सास सीढ़ियों पर बेहद सामान्य तरीके से आ-जा रही थी। घर से महज 30 सेकंड की दूरी पर थाना होने के बावजूद उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी। भाई ने कहा कि जब उनका परिवार भोपाल पहुंचा, तो एफआईआर दर्ज करने में ही तीन दिन लगा दिए गए। इस बीच, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सेना, नौसेना और वायुसेना के सेवानिवृत्त कर्मियों के संगठन वर्दी वेलफेयर सोसाइटी ने बुधवार को एक बाइक रैली निकालने का ऐलान किया है। यह रैली शौर्य स्मारक से शुरू होकर सीएम हाउस, पुलिस मुख्यालय और राजभवन तक जाएगी, जहां मुख्यमंत्री, राज्यपाल और डीजीपी को ज्ञापन सौंपे जाएंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में भड़के वकील; बड़ी बहू के तलाक पर गहराया सस्पेंस

यह मामला उस वक्त और तूल पकड़ गया, जब पूर्व जज गिरिबाला सिंह के वकील इनोश जॉर्ज कार्लो सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों पर भड़क गए। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि आखिर इस परिवार की बड़ी बहू का तलाक क्यों हुआ था? तो वकील ने असहज होकर पलटवार किया, क्या आपका तलाक नहीं हो सकता? दरअसल, मीडिया और मृतका के मायके पक्ष का तर्क है कि यह सवाल इसलिए बेहद अहम है क्योंकि इस परिवार पर अपनी बहुओं को प्रताड़ित करने के पहले से आरोप लग रहे हैं। दूसरी ओर पूर्व जज के वकील ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण पार्सल सौंपे हैं, जो जांच की दिशा बदल सकते हैं।

रिटायर्ड जज ने आरोपों को नकारा, कहा- उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा

दूसरी ओर, आरोपित रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह ने मंगलवार को घर पर कुछ पत्रकारों से बात की, जिसमें उन्होंने सामने आकर मायके वालों पर बेहद गंभीर और भावनात्मक आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा ट्विशा ग्लैमर की दुनिया और अपनी नौकरी से जो भी कमाती थी, उसका अधिकांश हिस्सा वह अपने माता-पिता को देती थी। मायके वाले उसकी मौत का इस्तेमाल सिर्फ अपना हित साधने के लिए कर रहे हैं। गिरिबाला सिंह ने साफ कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। सरकार चाहे तो इस मामले की जांच किसी भी बड़ी केंद्रीय एजेंसी से करा ले।

एसआईटी पूरे मामले की जांच में लगी है। आरोपित की तलाश में कई स्थानों पर पुलिस पहुंची है। – शैलेंद्र सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त

 

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply