भोपाल के बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक बीटेक छात्र के घर में घुसकर उससे मारपीट की और लैपटॉप छीनकर भाग गए। साथ ही छात्र को पुलिस से शिकायत …और पढ़ें

भोपाल में बीटेक छात्र से घर में घुसकर लूट (AI से जनरेट इमेज)
HighLights
- भोपाल में छात्र को पीटकर छीना लैपटॉप
- घबराकर छात्र तीन दिनों तक घर में ही कैद रहा
- पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया
भोपाल। बागसेवनिया थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक बीटेक छात्र के घर में घुसकर उससे मारपीट की और लैपटॉप छीनकर भाग गए। साथ ही छात्र को पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। घबराकर छात्र तीन दिनों तक घर में ही कैद रहा और डरकर शिकायत नहीं की। वहीं अगले दिन जब स्वजनों को पूरी बात बताई तो उनके समझाने पर बागसेवनिया थाने में शिकायत की।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, नर्मदापुरम जिले के ग्राम मछेरा कलां निवासी 21 वर्षीय ओम पटेल भोपाल के शिक्षक कांग्रेस कालोनी में किराए से रहकर एलएनसीटी कालेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। 26 अप्रैल की शाम करीब 6:20 बजे वह अपने कमरे में मौजूद था, तभी तीन-चार युवक जबरन अंदर घुस आए। इनमें मिलन चौधरी और राज पटेल को वह पहले से जानता था।
आरोप है कि मिलन का ओम के बड़े भाई से पैसों का लेन-देन है। इसी बात को लेकर आरोपित गाली-गलौज करने लगे और भाई के बारे में पूछताछ की। विरोध करने पर सभी ने मिलकर ओम के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और उसका लैपटॉप छीन लिया।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी
आरोपित पासवर्ड भी मांगते रहे, लेकिन मना करने पर उसे और पीटा गया। घटना के बाद जाते समय आरोपितों ने धमकी दी कि यदि उसने किसी को बताया तो उसे और उसके भाई को जान से खत्म कर देंगे। डर के कारण पीड़ित ने तुरंत शिकायत नहीं की। बाद में 30 अप्रैल को उसने केस दर्ज करवाया।




