भोपाल। राजधानी के गुनगा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार, देर रात मोबाइल फोन चलाने पर पिता की फटकार के बाद छात्रा ने कथित रूप से सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
12वीं में फर्स्ट डिवीजन से हुई थी पास
गुनगा थाना पुलिस के अनुसार रतुआ क्षेत्र निवासी जगदीश कुशवाहा की 17 वर्षीय बेटी खुशी कुशवाहा परिवार की सबसे बड़ी संतान थी। परिवार में उसकी एक छोटी बहन और एक छोटा भाई है।
खुशी ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी और भानपुर स्थित एक निजी कॉलेज में प्रवेश की तैयारी कर रही थी।
देर रात मोबाइल चलाते देख पिता ने लगाई फटकार
परिजनों ने बताया कि शनिवार देर रात खुशी मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसे मोबाइल चलाने पर डांट दिया।
फटकार के बाद वह नाराज होकर घर के बाथरूम में चली गई। कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पूछने पर उसने परिजनों को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। हालांकि हालत गंभीर होने के कारण रविवार तड़के उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच की जा रही है।




