टीटी नगर थाना क्षेत्र में राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने प्लॉट और मकान ग …और पढ़ें
HighLights
- गिरवी संपत्ति बेचकर बैंक से धोखाधड़ी
- 24 साल पुराने मामलों में FIR दर्ज
- लोन लेकर गायब हुए आरोपी
भोपाल। टीटी नगर थाना क्षेत्र में राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि जालसाजों ने प्लॉट और मकान गिरवी रखकर लोन लिया, लेकिन बाद में दस्तावेजों में हेरफेर कर उन्हीं संपत्तियों को दूसरे बैंकों में गिरवी रखकर बेच दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किस्त जमा नहीं की और नीलाम हो गया प्लॉट
पहले मामले में बैंक के लेखापाल संजय विद्यार्थी ने बताया कि वर्ष 2002 में भुवन कुमार और बी. रामचंद्र राजू ने करीब 9 लाख रुपये का ऋण लिया था। इसके एवज में एक प्लॉट बैंक के पास गिरवी रखा गया। आरोप है कि लोन लेने के बाद आरोपितों ने कोई किस्त जमा नहीं की। जब बैंक ने वसूली की कार्रवाई शुरू की, तब पता चला कि उसी प्लॉट को यूनियन बैंक के जरिए नीलाम करवा दिया गया और तहसीलदार कार्यालय के माध्यम से उसकी रजिस्ट्री किसी अन्य के नाम कर दी गई।
बिना सूचना दिए बेच दिया गिरवी मकान
दूसरे मामले में अयाज मोहम्मद ने अपना मकान गिरवी रखकर करीब 15 लाख रुपये का लोन लिया। आरोप है कि लोन स्वीकृत होने के बाद उसने बैंक को बिना सूचना दिए मकान बेच दिया। जांच में यह भी सामने आया है कि उक्त संपत्ति को कई बार अलग-अलग लोगों को बेचा जा चुका है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
टीटी नगर थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहरे के अनुसार, दोनों मामलों में संबंधित आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस मूल दस्तावेजों की जांच कर रही है। अपेक्स बैंक को इस धोखाधड़ी से लाखों की चपत लगी है और एक ही प्रॉपर्टी को कई बार बेचे जाने के गंभीर आरोप हैं।




